विज्ञापन

बथुआ का रायता कैसे बनाएं? जानिए तड़के वाला बथुआ का रायता बनाने का सही तरीका

जानिए 10 मिनट में बनने वाला टेस्टी और हेल्दी बथुआ रायता बनाने की आसान रेसिपी.

बथुआ का रायता कैसे बनाएं? जानिए तड़के वाला बथुआ का रायता बनाने का सही तरीका
बथुआ का रायता रेसिपी
NDTV

अक्सर लोग बथुआ को साग या दाल में डालकर पकाते हैं, लेकिन दही के साथ इसका रायता स्वाद और पोषण दोनों के लिहाज से बेहद अच्छा माना जाता है, दही की हल्की खटास और भुने मसालों की सोंधी खुशबू जब बथुए की ताजगी से मिलती है, तो एक ऐसा संतुलन बनता है जो भारी खाने को भी आसानी से पचाने में मदद करता है. जिन लोगों को रूखा साग खाना कम पसंद है, उनके लिए यह रायता बथुए के गुणों को अपनी डाइट में शामिल करने का सबसे आसान और स्वादिष्ट तरीका है. 

सामग्री:

  • बथुआ (1 कप)
  • दही (1.5 से 2 कप)
  • भुना जीरा पाउडर (1/2 छोटा चम्मच)
  • काला नमक (1/4 छोटा चम्मच या चुटकी भर)
  • सादा नमक (स्वादानुसार)
  • हरी मिर्च (1)
  • हरा धनिया (1 बड़ा चम्मच)
  • पानी (आवश्यकतानुसार)

तड़के के लिए:

  • घी (1 छोटा चम्मच)
  • जीरा (1/4 छोटा चम्मच)
  • हींग (एक चुटकी)

बनाने का तरीका:

  1. सबसे पहले बथुए की मोटी डंठल हटा दें और पत्तियों को कम से कम दो से तीन बार साफ पानी से धो लें, ताकि मिट्टी के कण बिल्कुल न रहें.
  2. एक पैन या बर्तन में थोड़ा पानी गर्म करें और धुली हुई पत्तियां डाल दें.
  3. मीडियम आंच पर 3 से 4 मिनट उबालें, फिर आंच बंद करके छलनी में निकाल लें.
  4. उबले बथुए पर तुरंत थोड़ा ठंडा पानी डाल दें, इससे रंग फीका नहीं पड़ता.
  5. हल्का दबाकर सारा पानी निचोड़ें और फिर इसे दरदरा पीस लें या चाकू से और बारीक काट लें.
  6. एक कटोरे में दही डालें और चम्मच या विस्कर की मदद से अच्छी तरह फेंट लें ताकि गुठलियां न रहें. 
  7. बहुत गाढ़ा लगे तो 2 से 3 चम्मच पानी मिलाकर मनचाहा गाढ़ापन रख सकते हैं.
  8. फेंटी हुई दही में तैयार बथुआ, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, सादा नमक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें.
  9. सभी चीजों को एक साथ हल्के हाथ से मिला लें.
  10. अगर तड़का लगाना हो तो छोटे पैन में घी गर्म करें, उसमें जीरा और हींग डालकर चटकाएं और तैयार रायते के ऊपर डाल दें.
  11. इसे हल्का ठंडा करके या ताजा ही पराठे, पूड़ी या दाल-चावल के साथ परोसें.

इसे भी पढ़ें: मशरूम की सब्जी कैसे बनाएं? जानिए गार्लिक मशरूम फ्राई बनाने का सही तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com