आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सेहत का ख्याल रखना लगभग भूल ही गए हैं. खराब खानपान, तनाव और प्रदूषण के चलते शरीर में छोटी-मोटी दिक्कतें लगी ही रहती हैं. ऐसे में हम दवाइयों के पीछे भागते हैं, जबकि हमारे घर और आसपास ही कई ऐसे प्राकृतिक खजाने छिपे हैं जो हमें बिना किसी नुकसान के सेहतमंद रख सकते हैं. ऐसा ही एक कमाल का पौधा है सहजन, जिसे अंग्रेजी में मोरिंगा कहते हैं.
आपने सहजन की फली की सब्जी या सांभर तो जरूर खाया होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सहजन की पत्तियां फली से भी ज्यादा गुणकारी होती हैं? मोरिंगा को आज की दुनिया में एक 'सुपरफूड' माना जाता है. अगर आप रोज सुबह इसका काढ़ा बनाकर पीते हैं, तो शरीर की आधी से ज्यादा बीमारियां वैसे ही दूर हो सकती हैं.
यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान कहते हैं, रोज सुबह मोरिंगा का काढ़ा पीने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं, बस इसे बनाने का सही तरीका आना चाहिए.
मोरिंगा का काढ़ा बनाने का आसान तरीका
सामग्री:
- ताजी मोरिंगा की पत्तियां (10 से 15 अगर पत्तियां न मिलें तो 1 चम्मच मोरिंगा पाउडर)
- पानी (2 कप)
- अदरक (एक छोटा टुकड़ा)
- काली मिर्च (2 पिसी हुई)
- शहद या नींबू का रस (स्वादअनुसार)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले मोरिंगा की पत्तियों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि उनपर लगी धूल साफ हो जाए.
- अब एक बर्तन में 2 कप पानी डालें और उसे गैस पर गरम होने के लिए रख दें.
- इसमें मोरिंगा की पत्तियां, अदरक और काली मिर्च डाल दें.
- पानी को धीमी आंच पर 5 मिनट तक उबलने दें.
- अब गैस बंद कर दें और काढ़े को छान लें.
- अगर आपको इसका स्वाद अच्छा न लगे, तो आप इसमें आधा चम्मच शहद या थोड़ा सा नींबू का रस मिला सकते हैं.
- आपका गरमा-गरम मोरिंगा काढ़ा तैयार है.
मोरिंगा का काढ़ा पीने के फायदे:
इम्यूनिटी बढ़ाए:
मौसम बदलते ही जिन लोगों को सर्दी, जुकाम या बुखार हो जाता है, उनके लिए यह काढ़ा वरदान है. इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं.
जोड़ो और घुटनों के दर्द में राहत:
उम्र बढ़ने के साथ या यूरिक एसिड बढ़ने से कई लोगों को घुटनों और जोड़ों में दर्द की शिकायत रहती है. सहजन में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं. यह जोड़ों की सूजन और दर्द को कम करने में बहुत मदद करता है.
शुगर कंट्रोल करने में मददगार:
डायबिटीज के मरीजों के लिए मोरिंगा का काढ़ा बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह ब्लड शुगर लेवल को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है. अगर आप सुबह खाली पेट इसका सेवन करते हैं, तो शुगर स्पाइक से बचाव होता है.
पेट और पाचन के लिए बेहतरीन:
अगर आपको कब्ज, गैस या पेट में भारीपन की समस्या रहती है, तो यह काढ़ा आपके काम आ सकता है. यह आंतों की सफाई करता है और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है.
वजन घटाने में असरदार:
जो लोग अपना बढ़ता वजन कम करना चाहते हैं, वे चाय या कॉफी की जगह मोरिंगा का काढ़ा पीना शुरू कर सकते हैं. यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और जमा हुई चर्बी को तेजी से बर्न करने में मदद करता है.
त्वचा और बालों में लाए चमक:
शरीर के अंदर मौजूद टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मोरिंगा काफी मददगार है. जब खून साफ होता है तो चेहरे पर कुदरती निखार आता है और मुहांसे कम होते हैं. साथ ही बालों का झड़ना भी कम होता है.
इसे भी पढ़ें: आज क्या बनाऊं: मेथी के पराठे बनते हैं कड़वे? आटा गूंथते वक्त करें ये 1 काम, स्वाद हो जाएगा डबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं