रेस्टोरेंट जैसे पतले, जूसी और परफेक्ट मोमोज घर पर बनाने का ख्याल आते ही अक्सर लोग डर जाते हैं. सबको यही लगता है कि इन्हें बेलना, शेप देना और स्टफिंग तैयार करना किसी रॉकेट साइंस से कम नहीं है, पर सच तो यह है कि बाजार जैसी ये डिश घर पर बेहद आसानी से तैयार हो सकती है, बस आपको कुछ छोटी-छोटी बातें पता होनी चाहिए.
बाहर मिलने वाले मोमोज की सबसे बड़ी खासियत होती है उसकी एकदम पतली लेयर और अंदर की चटपटी, फ्रेश स्टफिंग जो खाते ही मुंह में घुल जाए. बहुत से लोग शिकायत करते हैं कि घर पर बनाए गए मोमोज या तो बहुत मोटे रह जाते हैं, या फिर स्टीम होने के बाद अंदर से कच्चे और कड़े लगते हैं. कई बार पानी ठीक से न निचोड़ने की वजह से स्टफिंग गीली हो जाती है और मोमोज फट जाते हैं. इन सारी छोटी-छोटी परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए इस रेसिपी को फॉलो करें.
देखें वीडियो...
सामग्री:
आटा तैयार करने के लिए,
- मैदा (2 कप)
- नमक (आधा छोटी चम्मच)
- तेल (2 छोटी चम्मच)
- पानी (आटा गूंथने के लिए आवश्यकतानुसार)
वेज स्टफिंग के लिए,
- पत्ता गोभी (आधी बारीक कटी)
- गाजर (1 बड़ी ग्रेट की हुई)
- प्याज और हरा प्याज (1 बारीक कटा हुआ)
- शिमला मिर्च (थोड़ी सी बारीक कटी हुई)
- नमक (1 छोटी चम्मच)
- अदरक-लहसुन-हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- काली मिर्च पाउडर (आधा छोटी चम्मच)
- फ्रेश धनिया
- तेल (2 छोटी चम्मच)
स्टेप बाय स्टेप बनाने का तरीका:
आटा लगाना:
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक और तेल को अच्छे से आपस में मिला लें.
- अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी या पराठे जैसा सेमी-सॉफ्ट आटा गूंथ लें.
- आटा तैयार होने के बाद इसे गीले कपड़े से ढककर 15 से 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें.
स्टफिंग की तैयारी:
- अब एक बाउल में सारी बारीक कटी हुई सब्जियां ले, इसमें एक चम्मच नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सब्जियों का सारा पानी बाहर निकल जाए.
- अब एक मलमल के कपड़े में यह मिश्रण डालकर अच्छी तरह निचोड़ लें. ध्यान रहे, सारा पानी पूरी तरह सूखा न दें, थोड़ा सा मॉइस्चर रहने दें ताकि स्टफिंग सूखी न लगे.
- आप चाहें, तो इस निकले हुए फ्लेवरफुल पानी को आप आटा गूंथने या ग्रेवी में इस्तेमाल कर सकते है.
- अब निचोड़ी हुई सब्जियों में बारीक कटी अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, काली मिर्च पाउडर, हरा धनिया और दो चम्मच तेल डालकर हल्के हाथों से मिला लें.
- नमक पहले ही डाल चुके हैं इसलिए दोबारा न डालें.
- सेट किए हुए आटे को एक बार फिर से मसल लें, इसकी छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
- अब एक लोई लेकर उसे किनारों से पतला और बीच से हल्का मोटा बेल लें.
- इसके बीच में चम्मच से स्टफिंग रखें.
- अब एक के बाद एक प्लेट्स बनाते हुए इसे ऊपर की तरफ इकट्ठा करें और मोदक की तरह ट्विस्ट कर दें.
स्टीम करना:
- स्टीमर की प्लेट को तेल से अच्छी तरह ग्रीस कर लें.
- मोमोज को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें ताकि पकने के बाद फूलने के लिए जगह मिले.
- इसे उबलते पानी के ऊपर रखें और ढककर मीडियम फ्लेम पर ठीक 10 से 12 मिनट के लिए स्टीम करें.
- जब मोमोज पारदर्शी दिखने लगें और हाथ लगाने पर चिपचिपे न लगें, तो समझ जाइए कि वे तैयार हैं.
स्पेशल लाल चटनी:
- एक बर्तन में 8 से 10 सूखी लाल मिर्च, कश्मीरी लाल मिर्च और कटे हुए टमाटर पानी में डालकर 4 से 5 मिनट तक उबालें जब तक टमाटर का छिलका अलग होने लगे.
- इन्हें ठंडा करके टमाटर के छिलके उतार लें और बिना पानी मिलाए मिक्सी में स्मूद पीस लें.
- अब एक पैन में 3 से 4 चम्मच तेल गरम करें, उसमें बारीक कटा लहसुन और अदरक भूनें.
- इसके बाद सोया सॉस और तैयार किया हुआ टमाटर-मिर्च का प्यूरी डालें.
- स्वाद के लिए थोड़ा नमक, एक चम्मच चीनी और सिरका डालकर 3 से 4 मिनट तक पकाएं जब तक तेल ऊपर न आ जाए.
इसे भी पढ़ें: फटे हुए दूध से बनाएं मलाईदार सॉफ्ट बर्फी, देखें रेसिपी वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं