मोमोज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन एक डर भी लगता है, मैदे वाला मोमोज कहीं पेट खराब न कर दे. क्योंकि बाजार में मिलने वाले मोमोज में मैदा, अजीनोमोटो और पता नहीं क्या-क्या डला होता है. इसीलिए बहुत से लोग मन मारकर रह जाते हैं. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसमें मैदे की जरूरत ही नहीं है. ये बनता है अरबी से. जी हां, वही अरबी जिसकी सब्जी हम खाते हैं. उसी अरबी से बनते हैं एकदम सॉफ्ट और स्वादिष्ट मोमोज. तो चलिए जानते हैं रेसिपी.
क्यों खास हैं अरबी के मोमोज?
अरबी के मोमोज की सबसे बड़ी खासियत है इसका आटा. इसमें मैदा बिल्कुल नहीं होता. अरबी को उबालकर उसमें थोड़ा सा चावल का आटा मिलाकर आटा गूंथा जाता है. इससे मोमोज एकदम नरम बनते हैं. अरबी पेट के लिए भी बहुत अच्छी होती है. इसमें फाइबर होता है, जो पाचन को ठीक रखता है. जिन लोगों को मैदे से एलर्जी है या जो वजन कम कर रहे हैं, उनके लिए ये मोमोज सबसे बेस्ट हैं.

कैसे बनाएं अरबी के मोमोज- (How To Make Taro Momos)
सामग्री-
- अरबी
- चावल का आटा
- हरा प्याज
- अदरक
- सोया सॉस
- ऑयस्टर सॉस
- नमक स्वाद अनुसार
- काली मिर्च
- सोयाबीन
विधि-
- सबसे पहले अरबी को अच्छे से धो लें. अब इसे किसी स्टीमर या कुकर में 2-3 सीटी तक पका लें.
- अरबी पूरी तरह पक जानी चाहिए, अगर कच्ची रह गई तो आटा नहीं बनेगा.
- अब गरम-गरम अरबी को छील लें. इसका छिलका गरम में ही आसानी से उतरता है.
- अब इसे किसी बड़े बर्तन में डालकर मैशर से अच्छी तरह मसल लें. इसमें बिल्कुल भी गांठ नहीं रहनी चाहिए.
- अब इसमें धीरे-धीरे चावल का आटा मिलाएं और नरम आटा गूंथ लें.
- आटा ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए, नहीं तो मोमोज फट जाएंगे. आटे को ढककर कुछ मिनट के लिए रख दें.
- अब एक बर्तन में हरा प्याज, अदरक, सोया सॉस, ऑयस्टर सॉस, नमक, काली मिर्च और सोयाबीन डालकर अच्छे से मिला लें.
- अब आटे की छोटी-छोटी लोई बना लें. हाथ से या बेलन से पतली पूरी बेलें.
- बीच में एक चम्मच स्टफिंग रखें और किनारों को मोड़कर गुजिया की तरह बंद कर दें.
- ध्यान रखें, किनारे अच्छे से दबाएं, नहीं तो उबालते वक्त मोमोज खुल जाएंगे.
- अब एक बड़े बर्तन में पानी उबालें. जब पानी उबलने लगे, तो मोमोज को एक-एक करके डालें.
- कुछ मिनट तक पकाएं. जब मोमोज ऊपर तैरने लगें, तो समझिए पक गए हैं.
- इन्हें निकालकर लाल मिर्च के तेल वाली चटनी में डालें और गर्मागरम सर्व करें.
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें-
ये भी पढ़ें- बिना मावा के गाजर का हलवा बनाने की ट्रिक, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे, खर्चा आधा स्वाद दोगुना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं