विज्ञापन

घर पर मोमोज कैसे बनाएं? कड़ाही में बाजार जैसे सॉफ्ट मोमोज बनाने का सही तरीका

आप घर पर आसानी से मोमोज बना सकते हैं. इन्हें नॉर्मल कड़ाही में स्टीम किया जा सकता है. यहां जानिए घर पर मोमोज कैसे बनाएं?

घर पर मोमोज कैसे बनाएं? कड़ाही में बाजार जैसे सॉफ्ट मोमोज बनाने का सही तरीका
घर पर मोमोज कैसे बनाएं?

आज के समय में मोमोज सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड्स में से एक है. बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई इन्हें बड़े चाव से खाता है. हालांकि कई लोगों को लगता है कि घर पर बाजार जैसे सॉफ्ट और स्वादिष्ट मोमोज बनाना मुश्किल है और इसके लिए किसी स्पेशल स्टीमर की जरूरत पड़ती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. आप घर पर आसानी से मोमोज बना सकते हैं. इन्हें नॉर्मल कड़ाही में स्टीम किया जा सकता है. इसके साथ ही अगर तीखी-चटपटी लाल चटनी मिल जाए, तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. चलिए आपको बताते हैं घर पर मोमोज कैसे बनाएं?

घर पर मोमोज कैसे बनाएं?

यूट्यूब पर @ShaluzlovebookKitchen नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में घर पर मोमोज बनाने का आसान तरीका बताया है. वीडियो में बताया कि मोमोज की स्टफिंग बनाने के लिए 2 कप कद्दूकस की हुई पत्तागोभी, 1 कप कद्दूकस की हुई गाजर और एक बारीक कटा प्याज लें. इसमें थोड़ा नमक मिलाकर 10 मिनट के लिए रख दें. इससे सब्जियां पानी छोड़ देंगी. इसके बाद एक कपड़े की मदद से सब्जियों का एक्स्ट्रा पानी निचोड़ लें. अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटा लहसुन, काली मिर्च पाउडर, हरा धनिया और 2 से 3 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं.

मोमोज के लिए मुलायम आटा गूंधें 

एक बड़े बर्तन में 1 कप मैदा, आधा चम्मच नमक और 2 से 3 चम्मच तेल डालें. अब पानी की मदद से नरम आटा गूंध लें. आटे को चिकना करने के बाद 30 मिनट के लिए ढककर रख दें.

मोमोज बनाने का सही तरीका

आधे घंटे बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. लोई को पतली पूरी की तरह बेलें. बीच में तैयार स्टफिंग रखें और किनारों को मोड़ते हुए मोमोज का आकार दें. आप अपनी पसंद के अनुसार किसी भी शेप में मोमोज बना सकते हैं.

कड़ाही में करें स्टीम

एक कड़ाही में डेढ़ गिलास पानी डालकर उबाल लें. ऊपर जाली या स्टीम प्लेट रखें और हल्का तेल लगा दें. तैयार मोमोज को प्लेट पर रखें और ढक्कन बंद करके 10 से 12 मिनट तक स्टीम करें. जब मोमोज हल्के ट्रांसपेरेंट दिखाई देने लगें, तो समझ लें कि वे तैयार हैं.

चटपटी लाल चटनी बनाएं

मोमोज की खास लाल चटनी बनाने के लिए 8 से 10 कश्मीरी लाल मिर्च और 3 से 4 लाल मिर्च को गर्म पानी में 10 मिनट के लिए भिगो दें. अब इन्हें 2 टमाटर, 7 से 8 लहसुन की कलियां, नमक और 2 बड़े चम्मच सफेद सिरके के साथ मिक्सर में पीस लें. आपकी तीखी और स्वादिष्ट चटनी तैयार है.

यह भी पढ़ें:- घर पर गमले में गाजर कैसे उगाएं? जानिए बीज लगाने से लेकर फसल तैयार होने तक का आसान तरीका

यह भी पढ़ें:- मूंगफली की चटनी कैसे बनाएं? डोसा और इडली के लिए इस तरह फटाफट बनाएं मूंगफली की चटनी

यह भी पढ़ें:- नारियल के छिलकों से सजाएं बालकनी, लटकने वाले प्लांटर से लेकर कैंडल होल्डर तक, जानिए शानदार DIY आइडिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Momos, Momos Banane Ka Tareeka
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com