ज्यादातर लोगों को चाय पसंद होती है और सुबह शाम की चाय नहीं मिले तो दिन अधूरा-अधूरा सा लगता है. अक्सर लोग चाय के साथ कुछ न कुछ खाना पसंद करते हैं. अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट खाना पसंद करते हैं, तो गेहूं के आटे की मसाला पापड़ी एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. बाजार में मिलने वाली पापड़ी या नमकीन में अक्सर मैदे का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन ये रेसिपी गेहूं के आटे और सूजी से बनाई जाती है. इसके अलावा इसे पहले से बनाकर एयरटाइट डिब्बे में करीब दो महीने तक सेफ रख सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं गेहूं के आटे से कुरकुरी मसाला पापड़ी कैसे बनाएं?
कुरकुरी मसाला पापड़ी कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @RasoiGhar नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में घर पर 1 कप आटे से खस्ता कुरकुरा नाश्ता बनाने का सही तरीका बताया है. इस रेसिपी के लिए आपको 1 कप गेहूं का आटा, आधा कप बारीक सूजी, 1 चम्मच नमक, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच कुटी हुई सौंफ, 1 चम्मच अजवाइन, 1 चम्मच आमचूर पाउडर, 1 चम्मच कसूरी मेथी, चुटकी भर हींग और 2 बड़े चम्मच तेल चाहिए.
आटा ऐसे करें तैयार
एक बड़े बर्तन में आटा, सूजी और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें तेल डालकर दोनों हाथों से मिक्स करें. जब मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे, तब समझिए ये सही है. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को 5 से 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
बेलें बड़ी और पतली रोटी
आटे को दो भागों में बांट लें और बड़ी, पतली रोटी बेल लें. रोटी को सामान्य रोटी से थोड़ा पतला रखें ताकि पापड़ी अच्छी तरह कुरकुरी बने. अब कांटे की मदद से छोटे-छोटे छेद कर दें. इससे तलते समय पापड़ी फूलती नहीं है. किसी कटोरी, गिलास या कुकी कटर की मदद से पापड़ी को गोल आकार में काट लें. आप अपनी पसंद के अनुसार छोटे या बड़े आकार भी बना सकते हैं.
धीमी आंच पर तलें
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए. पापड़ियों को मध्यम से धीमी आंच पर धीरे-धीरे सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. धीमी आंच पर तलने से पापड़ी अंदर तक अच्छी तरह पकती है और ज्यादा समय तक कुरकुरी रहती है. तलने के बाद गरम पापड़ियों पर थोड़ा चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें. इससे स्वाद और भी मजेदार हो जाता है.
यह भी पढ़ें:- बिना धूप में रखे गद्दे की सफाई कैसे करें? गद्दे की बदबू और गंदगी हटाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- घर में ड्राई क्लीन कैसे करें? कोट-ब्लेजर और जैकेट ड्राई क्लीन करने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं