- नोएडा को जल्द मिलेंगी 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें.
- सेक्टर-82 टर्मिनल से होगा इलेक्ट्रिक बस का संचालन.
- प्रदेश के 18 शहरों में चलाई जाएगी 1725 ई-बसें.
नोएडा शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नोएडा को जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसें मिलने जा रही हैं. ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल के तहत संचालित होने वाली इन बसों का परिचालन सेक्टर-82 स्थित सिटी बस टर्मिनल से किया जाएगा. बसों के रखरखाव और चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे.
टर्मिनल की क्षमता को बढ़ाया जाएगा
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने सेक्टर-82 टर्मिनल को 100 बसों के संचालन के लिहाज से छोटा बताया था. इसके बावजूद नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल संचालन के लिए कोई अन्य विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए बसें इसी टर्मिनल से चलाई जाएंगी.
बसों के रखरखाव के लिए मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारी चल रही है. इनके निर्माण हेतु भूमि आवंटन में हो रही देरी के समाधान के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय ने 26 नवंबर को शाम चार बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम बैठक की गई. इससे पहले 23 नवंबर की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गई थी. बैठक में नोएडा और यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी परियोजना से जुड़े अभिलेखों के साथ शामिल हुए.
प्रदेश के 18 शहरों में चलेंगी 1,725 ई-बसें
प्रदेश स्तर पर जीसीसी मॉडल के तहत 18 शहरों में कुल 1725 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने का प्रस्ताव है, जिनमें 1,225 बसें सामान्य योजना और 500 बसें विश्व बैंक से वित्तपोषित यूपीसीएएमपीए परियोजना के अंतर्गत संचालित होंगी. नोएडा में इन 100 बसों के आने से शहर के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है, जिसके लिए टर्मिनल क्षमता और डिपो भूमि की उपलब्धता महत्वपूर्ण रहेगी.
यह भी पढ़ें | हापुड़ से आनंद विहार के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसें शुरू, हर 20 मिनट में बस सेवा से दिल्ली-गाजियाबाद का सफर आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं