- लखनऊ में 4000 प्लॉटों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होने वाला है.
- वरुण विहार और नैमिष नगर आवास योजनाओं में भूखंडों मिलेगा.
- पहले चरण में केवल 4520 लोगों को ही भूखंड मिल सके थे.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) जल्द ही वरुण विहार और नैमिष नगर आवास योजनाओं में भूखंडों के लिए दूसरे चरण का रजिस्ट्रेशन शुरू करेगा. पहले चरण की लॉटरी में जिन लोगों को प्लॉट नहीं मिल पाया है, उन आवेदकों से इन दिनों ऑनलाइन सहमति पत्र भरवाए जा रहे हैं, जिसके बाद यूपी रेरा (UP RERA) की मंजूरी मिलते ही बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. बताया जा रहा है कि इस बार भूखंडों की संख्या 4000 होने की उम्मीद है.
वरुण विहार और नैमिष नगर योजना और रेट
वरुण विहार योजना के लिए आगरा एक्सप्रेसवे के पास सदर और सरोजनी नगर तहसील के 12 गांवों में 6580 एकड़ में प्रस्तावित है. इसमें ग्रीन बेल्ट, पार्क, 980 एकड़ में जल निकाय और 300 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क के साथ मिश्रित, व्यावसायिक व संस्थागत उपयोग क्षेत्र रखा गया है. यहां 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर तय है और पहले चरण में 2847 भूखंडों का रजिस्ट्रेशन और लॉटरी हो चुकी है.
नैमिष नगर योजना के लिए बख्शी का तालाब के पास 4100 एकड़ में विकसित की जाएगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 24 सितंबर को किया था. योजना में चौड़ी सड़कों, पार्क व ग्रीन बेल्ट के अलावा स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, एसटीपी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था होगी. यहां 3800 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर पर 1673 भूखंडों की लॉटरी हो चुकी है.
पहले चरण के आवेदकों को विशेष सुविधा
पहले चरण में कुल 38,457 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें सबसे अधिक आवेदन वरुण विहार के लिए थे. लेकिन 4520 लोगों को ही भूखंड मिल सके. इसे देखते हुए एलडीए ने पहले चरण के असफल आवेदकों को दोबारा मौका दिया है कि वे बिना रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा किए और बिना बुकलेट खरीदे दूसरे चरण में पंजीकरण करा सकें, जिसके लिए उनसे ऑनलाइन सहमति पत्र लिया जा रहा है.
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के अनुसार, एलडीए यूपी रेरा से अनुमोदन मिलने का इंतजार कर रहा है और स्वीकृति मिलते ही दोनों योजनाओं में भूखंडों की बुकिंग शुरू की जाएगी.
यह भी पढ़ें | लखनऊ में 2500 रुपये स्क्वायर फीट की दर पर मिलेगी सस्ती जमीन, सौमित्र विहार योजना में 2092 प्लॉट का रजिस्ट्रेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं