मोमोज का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. गर्मा-गर्म मोमोज और उसके साथ चटनी...कहना ही क्या है. ये स्ट्रीट फूड बीते काफी समय से आपको हर कोने में बिकता हुआ दिख जाएगा. लोगों के लिए इसकी दीवानगी ही ऐसी है. लेकिन बाहर मिलने वाला मोमोज आपकी सेहत के लिए कितना अच्छा है इस बात का गारंटी कोई नहीं लेता है.
कई केस सामने आए हैं जिसमें बाहर मिलने वाले मोमोज में कई तरह की गड़बड़ी देखी गई है. ऐसे में बाहर के मोमोज खाने से तो लगता है डर...बात आती है कि इसको घर में कैसे बनाया जाए. लेकिन जब घर में बनाने का सोचो तो बहुत झंझट लगता है. पहले फिलिंग तैयार करो, फिर मैदे की छोटी-छोटी लोई बनाओ और फिर उसको फिल करने के बाद कहीं मोमोज तैयार होते हैं.
ये सारा काम बहुत झंझट भरा लगता है. लेकिन अगर हम आपसे कहें की अब हम आपको बताएंगे एक ऐसी रेसिपी जिसमें इन सब झंझट के बिना आप आसानी से मोमोज बनाकर तैयार कर सकते हैं. भरत शेफ ने मोमोज की ये रेसिपी शेयर की है.
मोमोज बनाने के लिए सामग्री
स्टफिंग
- 2 प्याज
- 2 गाजर
- 1 शिमला मिर्च
- 1/2 पत्ता गोभी
- 100 ग्राम पनीर
- 1 चम्मच तेल
- 1 चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच नमक
- 1/2 टीस्पून अजीनोमोटो
- धनिया पत्ती
चटनी
- 15-20 लहसुन की कली
- 1 इंच अदरक
- तेल
- 2 टेबल स्पून चिली फ्लेक्स
- 1 टेबल स्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- 2 टेबल स्पून रेड चिली पाउडक
- 2 कप पानी
- 1 टेबल स्पून नमत
- 1 टेबल स्पून चीनी
- 1/2 टेबल स्पून अजीनोमोटो
- 1 टेबल स्पून विनेगर
- 1 टेबल स्पून कॉर्न स्टॉर्च
- धनिया पत्ती
मोमो कोटिंग
1 कप आटा या मैदा
पानी
रेसिपी
सबसे पहले प्याज, गाजर, पत्ता गोभी, अदरक, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी को चॉपर में पतला-पतला काट लें. अब इन सभी चीजों को एक बाउल में निकाल लें.
अब एक कढ़ाई में तेल लें और उसमें इस कटी हुई सब्जियों को डालकर हाई फ्लेम पर लगातार 5-6 मिनट इन सब्जियों को पकाना है. जब सब्जियां पक जाएं तो इसमें नमक, काली मिर्च और अजीनोमोटो डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें. सब्जियों का पानी पूरी तरह से सूख जाना चाहिए. इसके बाद इसमें पनीर को कद्दूकस कर के डालें और हरा धनिया डालकर इसको 1 मिनट तक अच्छे से पकाएं. अब आपकी फिलिंग बनकर तैयार है.
इन सब्जियों से छोटे-छोटे गोले बनाकर 10-15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. अब एक बड़े बाउल में आटा और एक बाउल में पानी डालकर रखें.
अब इन बॉल्स को पहले पानी में डालकर 5 सेकेंड के लिए डिप करें और फिर इसे आटे में डालकर कोट करें. इसके बाद फिर से इसको पानी में डिप करें और फिर से इसको आटे से कोट कर दें. इस तरह आपको 1 बार और करना है और बस आपके मोमोज आधे बन चुके हैं. इनको 5 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए रख दें.
अब इन मोमोज को आपको स्टीम कर लेना है. बस आपके मोमज बनकर तैयार हैं.
मोमोज की चटनी
एक ग्राइंडर में लहसुन-अदरक और पानी डालकर अच्छा पेस्ट बना लें. अब एक पैन में तेल डालकर अदरक-लहसुन के पेस्ट को पकाना है जब तक इसका पानी ना ड्राई हो जाए. इसके बाद इसमें डालना है लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छे से पका लें. अब इसमें 2 कप पानी डालकर अच्छे से मिक्स करें. फिर इसमें नमक, चीनी और अजीनोमोटो और विनेगर डालकर सभी चीजों को मिलाएं और अच्छे से पकाएं. 3-4 मिनट बाद इसमें कॉर्न-स्टॉर्च को पानी में घोलकर डालें और ऊपर से धनिया डालकर 2 मिनट पकाएं और आपकी चटनी बनकर तैयार है.
ये भी पढ़ें: ज्यादा पके हुए केले को फेंके नहीं, बल्कि बनाएं टेस्टी टॉफी, शेफ रणबीर बरार ने शेयर की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं