विज्ञापन

सर्दियों में अलसी का लड्डू कैसे बनाएं? जानें घर पर अलसी का लड्डू बनाने की आसान रेसिपी

अगर आप भी पूरी सर्दी खुद को फिट और सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो रोज खाएं 1 अलसी का लड्डू.

सर्दियों में अलसी का लड्डू कैसे बनाएं? जानें घर पर अलसी का लड्डू बनाने की आसान रेसिपी
अलसी के लड्डू रेसिपी.
NDTV

ठंड शुरू होते ही ज्यादातर लोगों को सर्दी-जुकाम पकड़ने लगती है. बच्चों को खांसी, बड़ों को जोड़ों का दर्द, किसी को थकान. ऐसे में दादी-नानी हमेशा कहती थीं, ठंड में एक लड्डू रोज खा लो, फिर बीमारी पास नहीं आएगी. आज हम उसी पुराने जमाने का, सेहत से भरपूर, अलसी का लड्डू बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. ये लड्डू बच्चे और बड़े, सभी के लिए है. हेल्दी भी है और टेस्टी भी. इस रेसिपी को हाल ही में यूट्यूब चैनल (Poonam's Kitchen) पर शेयर किया गया है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी.

अलसी का लड्डू क्यों है इम्यूनिटी बूस्टर? 

अलसी में भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो हमारे हार्ट के लिए, ब्रेन के लिए बहुत अच्छा है. जो बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, उनके लिए तो ये सबसे ज्यादा फायदेमंद है. इससे याददाश्त तेज होती है. इसके साथ ही अलसी बालों के लिए, स्किन के लिए भी बहुत अच्छी है. इसमें फाइबर भरपूर होता है, जिससे पाचन ठीक रहता है.

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं अलसी के लड्डू- (How To Make Alsi Ke Laddu)

सामग्री- 

  • अलसी- 500 ग्राम
  • बादाम- आधा कप
  • काजू- आधा कप
  • अखरोट- आधा कप
  • मखाना- 1 कप 
  • सूखा नारियल- आधा कप
  • देसी घी- आधा कप
  • गुड़- 400 ग्राम 
  • इलायची पाउडर- 1 चम्मच

विधि-

  1. सबसे पहले कड़ाही में 500 ग्राम अलसी डाल दीजिए. लो-मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए 8 से 9 मिनट तक भूनिए. 
  2. जब अलसी में चटकने की आवाज आने लगे, तो समझिए भुन गई है. गैस बंद करके एक मिनट तक कड़ाही में ही चलाते रहिए. 
  3. फिर एक बाउल में निकाल लीजिए. अब उसी कड़ाही में 1 चम्मच घी डालिए. इसमें आधा कप बादाम डालकर भूनिए. जब बादाम चटकने लगे और थोड़ी फूल जाए, तो निकाल लीजिए.
  4. अब उसी घी में आधा कप काजू डालिए. 2 से 3 मिनट तक भूनिए. जब काजू हल्का लाइट ब्राउन हो जाए, तो निकाल लीजिए.
  5. अब आधा कप अखरोट डालिए. अखरोट का शेप देखिए, हमारे ब्रेन जैसा ही होता है. इसीलिए ये ब्रेन के लिए बहुत अच्छा है. इसे भी 2 से 3 मिनट भूनकर निकाल लीजिए.
  6. अब 1 कप मखाना डालिए. मखाना सुपर फूड कहा जाता है. इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन, जिंक, सब कुछ है. इसे 4 से 5 मिनट तक भूनिए. 
  7. जब मखाना एकदम क्रिस्पी हो जाए, तो निकाल लीजिए. आखिर में आधा कप सूखा नारियल कद्दू किया हुआ डालकर 2 से 3 मिनट भूनकर अलग निकाल लीजिए.
  8. सब चीजों को रूम टेंपरेचर पर ठंडा होने दीजिए. 
  9. अब ठंडी हुई अलसी को मिक्सी में डालिए. अलसी ज्यादा है, इसलिए दो बैच में पीसिए. 2 से 3 बार पल्स बटन दबाइए, अलसी का बारीक पाउडर बन जाएगा. इसे एक बड़े बाउल में निकाल लीजिए.
  10. अब उसी जार में भुने हुए काजू, बादाम, अखरोट और मखाना डालिए. इन्हें एकदम बारीक मत पीसिए. 
  11. 3 से 4 बार पल्स बटन दबाकर दरदरा पीसिए. दरदरा पीसने से लड्डू खाने में ज्यादा टेस्टी लगेगा.
  12. अब इस दरदरे पाउडर को अलसी के पाउडर में मिला दीजिए. इसमें भुना हुआ सूखा नारियल भी डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.
  13. अब इस मिश्रण को एक बड़ी परात में निकाल लीजिए. अब कड़ाही में आधा कप देसी घी डालकर मेल्ट कीजिए. 
  14. इसमें 400 ग्राम बारीक कटा हुआ गुड़ डाल दीजिए. लो-मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए गुड़ को मेल्ट कीजिए. गुड़ को बहुत ज्यादा मत पकाइए. जैसे ही गुड़ मेल्ट होकर झाग बनने लगे, गैस बंद कर दीजिए. 
  15. ज्यादा पकाने से लड्डू हार्ड हो जाएंगे. अब इसमें 1 चम्मच इलायची पाउडर डालकर मिक्स कीजिए और तुरंत ही अलसी के मिश्रण में डाल दीजिए. 
  16. मिश्रण में बीच में थोड़ा खड्डा बना लीजिए, उसी में गुड़ वाला मिश्रण डालिए. पहले स्पैचुला से मिक्स कीजिए, फिर जब हाथ से छू सकें उतना गरम रह जाए, तो हाथ से मिक्स कीजिए.
  17. अब गरम-गरम ही लड्डू बांध लीजिए. अगर बाइंडिंग नहीं आ रही है, तो थोड़ा सा मेल्टेड घी डाल दीजिए, लड्डू आराम से बन जाएंगे.

कब और कैसे खाएं?

सुबह खाली पेट एक लड्डू खाना है. इसके आधे घंटे तक चाय, कॉफी, कुछ भी मत लीजिए. आधे घंटे बाद ही कुछ खाइए-पीजिए. तभी इसका पूरा फायदा मिलेगा.

ये भी पढ़ें- गोंद ड्राई फ्रूट के लड्डू कैसे बनाएं? गोंद के सॉफ्ट लड्डू बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Alsi Ke Laddu, Alsi Ke Laddu Banane Ka Naya Tarika, Alsi Ke Laddu Khane Ke Fayde, Alsi Ke Laddu Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com