- न्यू कानपुर सिटी योजना के जल्द ही लॉन्च होने की उम्मीद.
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय भी मांगा गया है.
- योजना में जमीन की बिक्री दरें लगभग तय कर ली गई हैं.
New Kanpur City: पिछले तीन दशकों से कागजों पर दर्ज न्यू कानपुर सिटी योजना के जल्द ही लॉन्च होने की उम्मीद बढ़ गई है. कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की ओर से योजना को आगामी दिसंबर माह तक लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है, जिसके शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय भी मांगा गया है. योजना को यूपी रेरा (UP RERA) से स्वीकृति भी मिल चुकी है. हालांकि अब केवल दरों पर अंतिम मुहर लगनी बाकी है.
प्रस्तावित दरें और पहले चरण का विस्तार
अधिकारियों के अनुसार, योजना में जमीन की बिक्री दरें लगभग तय कर ली गई हैं, जिन पर औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है. योजना के तहत 43000 रुपये प्रति वर्गमीटर के हिसाब से भूखंड बेचने की तैयारी है. मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच कुल 153.31 हेक्टेयर भूमि पर यह योजना विकसित की जा रही है. पहले फेज का विकास 55.59 हेक्टेयर क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसमें कुल 597 भूखंड विकसित किए जाएंगे.
बुनियादी ढांचे का विकास और सुविधाएं
न्यू कानपुर सिटी में वर्तमान में 75 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज, पेयजल और ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जा रही है, साथ ही सड़कों का निर्माण कार्य भी जारी है. इस टाउनशिप में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग वाले भूखंडों के साथ-साथ कन्वेंशन सेंटर, नर्सिंग होम, होटल और ग्रुप हाउसिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी.
कानपुर विकास प्राधिकरण के सचिव अभय पांडेय ने बताया कि योजना को लॉन्च करने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और सबकुछ अनुकूल रहने पर दिसंबर माह में इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें | ग्रेटर नोएडा में हाउसिंग प्लॉट खरीदने का फिर से मौका, YEIDA ने बढ़ा दी आवेदन की तरीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं