सर्दी की शुरुआत होते ही मन करने लगता है, कुछ मीठा खाएं. खाना खा लिया, फिर भी मन करता है, कुछ मीठा हो जाए. लंच हो या डिनर, बाद में कुछ मीठा चाहिए ही चाहिए. लेकिन बाजार की चिक्की में चीनी ही चीनी होती है. खाने के बाद गिल्ट होता है. क्या आपके साथ भी ऐसा होता है, तो आप बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको एक ऐसी डिश के बारे में बता रहे हैं जिससे न सिर्फ मीठे की क्रेविंग दूर होगी, बल्कि ये कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन, जिंक, मैग्नीशियम से भी भरपूर है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
कैसे बनाएं मखाना सीड्स चिक्की-
सामग्री-
- 100 ग्राम मखाना
- 1/4 कप पंपकिन सीड्स
- 1/4 कप सनफ्लावर सीड्स
- 2-3 बड़े चम्मच सफेद तिल
- 100 ग्राम गुड़
- 2 चम्मच देसी घी
- 1/2 चम्मच इलायची पाउडर
- 1 चुटकी खाने का सोडा
विधि-
- सबसे पहले एक फ्लैट तले वाले बाउल या किसी मोल्ड को घी लगाकर ग्रीस कर लें और अलग रख दें.
- अब एक पैन में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें और उसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर भूनें. मखानों को तब तक रोस्ट करें जब तक वे अच्छी तरह क्रंची न हो जाएं. इसके बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें.
- उसी पैन में थोड़ा सा घी डालकर पंपकिन सीड्स और सनफ्लावर सीड्स को हल्का गोल्डन होने तक भून लें. फिर इन्हें भी मखानों के साथ मिला दें.
- अब सफेद तिल को कुछ सेकंड के लिए हल्का सा रोस्ट करें और अलग रख दें.
- इसके बाद पैन में गुड़ और एक चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं. जब गुड़ पूरी तरह मेल्ट होकर थोड़ा गाढ़ा होने लगे तो उसमें आधा चम्मच घी, इलायची पाउडर और एक चुटकी खाने का सोडा डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- गैस बंद कर दें और तुरंत इसमें भुने हुए मखाने व सीड्स मिला दें. ऊपर से धीरे-धीरे रोस्ट किए हुए तिल डालते हुए मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें.
- अब तैयार मिश्रण को तुरंत ग्रीस किए हुए बाउल में भरें और चम्मच या दूसरे बाउल की मदद से दबाकर सेट कर दें. कुछ मिनट में चिक्की ठंडी होकर जम जाएगी.
क्यों खास है यह चिक्की?
मखाना कैल्शियम, प्रोटीन और आयरन का अच्छा सोर्स माना जाता है. वहीं पंपकिन और सनफ्लावर सीड्स में जिंक, फाइबर, मिनरल्स और हेल्दी फैट पाए जाते हैं. तिल और गुड़ सर्दियों में शरीर को एनर्जी देने के साथ स्वाद भी बढ़ाते हैं. यही वजह है कि यह चिक्की सर्दियों के लिए एक स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक बन सकती है. अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं और कुछ हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो मखाना-सीड्स चिक्की की यह आसान रेसिपी एक बार जरूर ट्राई करें.
यहां देखें पूरा वीडियो-
ये भी पढ़ें- आलू मटर की तरी वाली सब्जी कैसे बनाएं? जानें हलवाई जैसी स्वादिष्ट सब्जी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं