विज्ञापन

अवध की शाही मिठाई कैसे बनाएं? नोट करें गुड़ रसावल की आसान विधि

क्या आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं, तो इस सर्दी जरूर ट्राई करें अवध स्टाइल गुड़ की रसावल.

अवध की शाही मिठाई कैसे बनाएं?  नोट करें गुड़ रसावल की आसान विधि
कैसे बनाएं गुड़ रसावल.
NDTV

मीठे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. अगर आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं तो रसावल के बारे में जरूर सुना होगा. क्योंकि सर्दी का मौसम आते ही लखनऊ, मलिहाबाद, रामपुर और पूरब की तरफ इस मिठाई की खुशबू पूरे घर में फैल जाती है. ये कोई बाजार वाली मिठाई नहीं है. ये अवध की शाही और देसी मिठाई है, जो नई फसल पर बनती थी. जब कड़ाके की ठंड पड़ती थी, तो दादी-नानी इसी रसावल से घर को गर्म रखती थीं. गुड़, चावल, दूध और घी की ये मिठाई खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है, शरीर को उतनी ही ताकत भी देती है. पहले इसे गन्ने के रस से बनाया जाता था, लेकिन आज हम आपको गुड़ से बनने वाली आसान विधि बता रहे हैं. इसे हाल ही में इंस्टाग्राम (mariyaskitchenmagic) पर शेयर किया गया है.

गुड़ रसावल क्या होता है? 

रसावल का मतलब है रस में पका हुआ चावल. जैसे खीर दूध में पकती है, वैसे ही रसावल गुड़ के रस में पकता है. अवध में इसे सर्दी की शाही मिठाई कहा जाता है. जब धान की नई फसल आती थी, तो इसी चावल से रसावल बनाया जाता था. इसमें चीनी नहीं डलती, सिर्फ गुड़ डलता है. इसीलिए ये मिठाई सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है.

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं गुड़ रसावल- 

सामग्री-

  • गुड़ कद्दूकस किया हुआ- 3/4 कप
  • पानी- आधा कप
  • भीगे हुए चावल- आधा कप
  • दूध- 1 कप
  • देसी घी- 3 चम्मच
  • गरी यानी सूखा नारियल- 1/4 कप
  • ड्राई फ्रूट्स काजू, बादाम, किशमिश- 1/4 कप
  • मलाई- ऊपर से डालने के लिए

विधि-

  1. सबसे पहले एक कड़ाही में आधा कप पानी डालकर उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डाल दीजिए. गैस को धीमा रखिए.
  2. गुड़ को चलाते रहिए, जब तक वो पूरी तरह पिघल न जाए. गुड़ में कई बार गंदगी होती है, इसलिए अगर आपको लगे तो इसे एक बार छान लीजिए.
  3. अब इसी गुड़ वाले पानी में भीगे हुए चावल डाल दीजिए. चावल को गुड़ के साथ ही पकने दीजिए. 
  4. इसी से चावल में गुड़ का रंग और मिठास दोनों आ जाते हैं. चावल को बीच-बीच में चलाते रहिए, ताकि वो नीचे से लगे नहीं.
  5. जब चावल आधे पक जाएं, तो इसमें 1 कप दूध डाल दीजिए. अब इसे धीमी आंच पर पकने दीजिए.
  6. दूध डालने के बाद रसावल और भी मलाईदार हो जाता है. इसे तब तक पकाइए, जब तक चावल गुड़ और दूध को पूरी तरह सोख न लें. 
  7. रसावल न तो बहुत पतला होना चाहिए, न ही बहुत सूखा. ये हलवे और खीर के बीच वाला होना चाहिए.
  8. अब दूसरी तरफ एक छोटे पैन में 3 चम्मच देसी घी गरम कीजिए. उसमें गरी और ड्राई फ्रूट्स को अच्छे से भून लीजिए. 
  9. काजू-बादाम हल्के सुनहरे हो जाएं, तब गैस बंद कर दीजिए. अब ये भुने हुए गरी और ड्राई फ्रूट्स रसावल में डाल दीजिए और 2-3 मिनट और पकाइए. 
  10. रसावल को हमेशा गरम-गरम ही परोसिए. ठंडा होने पर ये जम जाता है और मजा नहीं आता. परोसते वक्त ऊपर से एक चम्मच ताजी मलाई डाल दीजिए.

ये भी पढ़ें- गुजराती ढोकला भी लगने लगेगा फीका, जब खाएंगे राजस्थान के स्वादिष्ट मक्की के ढोकले, नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gud Ki Mithai, Awadhi Recipe, Gud Ki Kheer Recipe, Winter Sweet, Local Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com