विज्ञापन

मशरूम की सब्जी कैसे बनाएं? जानिए गार्लिक मशरूम फ्राई बनाने का सही तरीका

10 मिनट में बनाएं टेस्टी मशरूम की सब्जी, जानें शिमला मिर्च और मसालों वाली झटपट रेसिपी.

मशरूम की सब्जी कैसे बनाएं? जानिए गार्लिक मशरूम फ्राई बनाने का सही तरीका
मशरूम की सब्जी की रेसिपी
NDTV

सर्दियों की सुबह बिस्तर से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होता और शाम को दफ्तर की थकान के बाद चूल्हे के सामने खड़े रहने का मन भी कम ही करता है. ऐसे समय में अक्सर बाहर का खाना मंगा लिया जाता है या फिर दाल-चावल जैसे चीजें ही समझ में आती है पर क्या हो अगर कम समय और कम भागदौड़ में ऐसी सब्जी तैयार हो जाए जो स्वाद में लाजवाब हो और सेहत के लिहाज से भी पूरी तरह भरोसेमंद लगे? मशरूम की यह झटपट रेसिपी ठीक उसी कमी को पूरा करती है. इसकी खासियत यह है कि इसे बनाने में घंटों की तैयारी नहीं चाहिए. चलिए फिर जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी क्या है?

सामग्री:

  • मशरूम: लगभग( 400 ग्राम)
  • प्याज (2)
  • शिमला मिर्च (1)
  • लहसुन (ढेर सारा, मोटा कटा हुआ)
  • अदरक (लगभग 1 इंच का टुकड़ा)
  • हरी मिर्च (3 से 4)
  • तेल (थोड़ा सा)
  • मक्खन (थोड़ा सा)
  • नमक (1 चम्मच )
  • कश्मीरी लाल मिर्च (आधा चम्मच)
  • चिली फ्लेक्स (1 चम्मच)
  • ओरिगैनो सीजनिंग (1 चम्मच)
  • काली मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
  • गेहूं का आटा और पानी (मशरूम धोने के लिए)

बनाने का तरीका:

  1. मशरूम साफ करने के लिए सबसे पहले उसके डंठल का सख्त निचला हिस्सा हटा दें.
  2. इन पर थोड़ा आटा छिड़ककर हल्के हाथ से मलें ताकि लगी हुई मिट्टी या गंदगी आसानी से निकल जाए, फिर साफ पानी से धो लें.
  3. धोने के बाद छोटे मशरूम साबुत रहने दें, मीडियम शेप के दो हिस्सों में बांटें और बड़े मशरूम के चार टुकड़े कर लें.
  4. पकने पर मशरूम सिकुड़ते हैं और पानी छोड़ते हैं, इसलिए टुकड़े बहुत छोटे न रखें. 
  5. चाहें तो यह तैयारी एक दिन पहले करके फ्रिज में भी रख सकते हैं साथ ही, एक प्याज को एकदम बारीक काट लें यही आगे चलकर सब्जी को गाढ़ा और लिपटा हुआ स्वाद देगा.
  6.  दूसरे प्याज की परतें निकालकर अलग रख लें, शिमला मिर्च को बड़े टुकड़ों में काटें और लहसुन को चाकू से मोटा-मोटा काट लें. 
  7. कड़ाही या पैन को तेज आंच पर गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल या मक्खन डालें. 
  8. मक्खन पिघलते ही बारीक कटा प्याज डाल दें और तेज आंच पर ही चलाते हुए हल्का रंग आने दें, बारीक कटा होने के कारण यह दो से तीन मिनट में ही रंग बदलने लगेगा. 
  9. अब आंच को मध्यम कर दें और मोटा कटा लहसुन डालकर लगभग दो मिनट भूनें ताकि उसकी खुशबू फैल जाए, लेकिन ध्यान रहे कि लहसुन जले नहीं. इसके तुरंत बाद मशरूम डालें और आंच फिर से तेज करके दो से तीन मिनट लगातार चलाएं.
  10. मशरूम थोड़ा नरम पड़ने लगे तो नमक, शिमला मिर्च, प्याज के निकाले हुए हिस्से, हरी मिर्च और कद्दूकस अदरक डाल दें.
  11. नमक पड़ते ही नमी आएगी और सब्जियां आपस में लिपटने लगेंगी, बीच-बीच में चलाते रहें और जरूरत लगे तो आंच को थोड़ा मीडियम कर लें.
  12. जब मशरूम का सारा पानी सूख जाए और सब्जी अच्छे से पक जाए, तब कश्मीरी लाल मिर्च, चिली फ्लेक्स, ऑरिगेनो और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  13.  बारीक कटे प्याज की वजह से मसाला टुकड़ों पर अच्छी तरह लिपट जाएगा. 
  14. बस, गरमागरम तैयार है झटपट बनने वाली यह स्वादिष्ट सब्जी.

इसे भी पढ़ें: आलू गोभी मटर की सूखी सब्जी कैसे बनाएं? हलवाई जैसी आलू गोभी मटर की सूखी चटपटी सब्जी बनाने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com