भारतीय घरों में अक्सर रात का खाना बनने के बाद बच जाता है, चाहे रोटी हो या चावल. अगर आपको भी सुबह समझ नहीं आ रहा कि रात के बासी चावलों का क्या किया जाए. तो इन्हें उठाकर फेंकने की गलती बिल्कुल न करें क्योंकि आज हम आपको इनसे एक ऐसा नाश्ता बनाने की रेसिपी बता रहे हैं जिसे आप आसानी से कम समय में बना सकते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना हम बात कर रहे हैं ढोकला की.
आप बचे हुए बासी चावलों से मिनटों में टेस्टी और स्पंजी नाश्ता तैयार कर सकते हैं, जिसे देखकर ही मुंह में पानी आ जाए. तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं बासी चावल का ढोकला.
कैसे बनाएं बासी चावल का ढोकला- (How To Make Leftover Rice Dhokla)
सामग्री-
- रात के बचे हुए बासी चावल - 1 कप
- सूजी - आधा कप
- दही - आधा कप
- अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट - 1 चम्मच
- नमक - स्वाद के अनुसार
- चीनी - आधा छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - एक चुटकी
- ईनो - 1 पैकेट

तड़के के लिए- राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, थोड़ा सा पानी, चीनी और नींबू का रस.
विधि-
- सबसे पहले बचे हुए बासी चावल को एक मिक्सी के जार में डालें. अब इसमें आधा कप दही और थोड़ा सा पानी मिलाकर मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें. इसका एक चिकना और स्मूथ पेस्ट तैयार कर लेना है.
- अब पिसे हुए चावल के इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें आधा कप सूजी मिलाएं. सूजी मिलाने से ढोकले में बहुत अच्छी बाइंडिंग और हल्कापन आता है.
- अब इसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, नमक, चीनी और हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें.
- इस बैटर को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.
- बैटर तैयार होने के बाद इसमें ईनो का पैकेट मिलाएं और ऊपर से थोड़ा सा पानी डाल दें ताकि ईनो एक्टिव हो जाए. इसे हल्के हाथों से एक ही डायरेक्शन में मिलाएं.
- अब एक थाली या केक टिन में थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना करें और उसमें यह बैटर डाल दें.
- पहले से गर्म किए हुए स्टीमर या कढ़ाई में इस थाली को रखें और ढककर मीडियम आंच पर 12 से 15 मिनट तक पकने दें.
- आप चाकू या टूथपिक डालकर चेक कर सकते हैं कि ढोकला अंदर तक पका है या नहीं.
- जब ढोकला ठंडा हो जाए, तो उसे मनपसंद चौकोर टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें. इसमें राई और करी पत्ते चटकाएं.
- फिर लंबी कटी हुई हरी मिर्च, थोड़ा सा पानी, एक चम्मच चीनी और नींबू का रस डालकर खट्टा-मीठा पानी तैयार करें.
- इस तड़के को ढोकले के ऊपर चारों तरफ फैलाते हुए डाल दें.
- बस तैयार है आपका गरमा-गरम, स्पंजी और बेहद स्वादिष्ट बासी चावल का ढोकला.
- इसे आप हरी चटनी या अपनी मनपसंद चाय के साथ सर्व कर सकते हैं.
- इसे खाने के बाद कोई यह पहचान ही नहीं पाएगा कि यह फ्रेश बेसन से नहीं बल्कि रात के बचे हुए चावलों से बना है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: मुंबई जैसी टेस्टी पाव भाजी खाना चाहते हैं, शेफ संजीव कपूर से सीखें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं