देश 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारी कर रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. वहीं बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र का असर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है. इसी वजह से कई क्षेत्रों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर में बादल और बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है और कई इलाकों में बारिश हुई. मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि बारिश के बावजूद उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) August 14, 2026
लाल किले के लिए विशेष मौसम पूर्वानुमान
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने लाल किला और उसके आसपास के क्षेत्र के लिए विशेष पूर्वानुमान जारी किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिन लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे. मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. सुबह 4 से 6 बजे के बीच लगभग 5 मिमी बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना जताई गई है. सुबह 6 से 9 बजे के बीच भी बहुत हल्की बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना है. दोपहर और शाम के समय भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
19 अगस्त तक ऐसा ही रह सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 से 19 अगस्त तक दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान लगभग हर दिन हल्की बारिश होने की संभावना है. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोहों में शामिल होने वाले लोगों को मौसम को ध्यान में रखकर तैयारी करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- कल का मौसम, 15 अगस्त: दिल्ली, यूपी, बिहार से MP तक भारी बारिश, 13 राज्यों में IMD का अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं