भारतीय खाने में चटनी का बहुत महत्व है. यहां हर राज्य की अपनी एक अलग स्वाद वाली चटनी आपको मिल जाएगी. दाल-चावल, रोटी-सब्जी, पराठा, खिचड़ी किसी के भी स्वाद को बढ़ाने का काम करती है चटनी. लेकिन क्या आपने लहसुन की चटनी खाई है. राजस्थान और महाराष्ट्र में लहसुन की चटनी के बिना खाना अधूरा माना जाता है. ये चटनी स्वाद में चटपटी है और सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
ठंड में क्यों खाना चाहिए लहसुन की चटनी-
लहसुन में एक ऐसा तत्व होता है, जो शरीर को अंदर से गर्म रखता है. सर्दी में सर्दी-जुकाम, खांसी, जोड़ों का दर्द, इन सब में लहसुन बहुत फायदा करता है. लहसुन ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखता है और दिल को मजबूत करता है. यानि लहसुन की चटनी सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाने ही नहीं सेहत के लिए भी कमाल है.

कैसे बनाएं लहसुन की चटनी- (How To Make Lahsun Ki Chutney)
सामग्री-
- लहसुन
- मिर्ची
- जीरा
- नमक
- तेल
- नींबू का रस
विधि-
- लहसुन की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन की गांठ को 10 मिनट के लिए गरम पानी में भिगो दीजिए.
- फिर उसे एक डिब्बे में डालकर जोर से हिलाइए. छिलका अपने आप निकल जाएगा.
- अब एक कड़ाही में 1 चम्मच तेल गरम कीजिए. इसमें सूखी लाल मिर्ची डालकर 1 मिनट तक भूनिए.
- मिर्ची को ज्यादा मत भूनिए, वरना काली हो जाएगी. अब उसी कड़ाही में जीरा डालकर भूनिए. जब जीरा चटकने लगे, तो गैस बंद कर दीजिए.
- अब भुनी हुई मिर्ची, जीरा और छिला हुआ लहसुन मिक्सी में डालिए. इसमें नमक भी डाल दीजिए.
- अब इसे बिना पानी डाले पीसिए. अगर मिक्सी नहीं चल रही है, तो सिर्फ 1 चम्मच तेल डालिए.
- चटनी को एकदम बारीक मत पीसिए, थोड़ी दरदरी ही रहने दीजिए. दरदरी चटनी खाने में ज्यादा टेस्टी लगती है.
- अब इस चटनी को एक कटोरी में निकाल लीजिए. ऊपर से 1 चम्मच नींबू का रस और 1 चम्मच कच्चा तेल डालकर अच्छे से मिला दीजिए.
- अगर आपको चटनी में खट्टापन चाहिए, तो नींबू की जगह इमली का गूदा भी डाल सकते हैं.
- इमली वाली लहसुन की चटनी और भी ज्यादा टेस्टी लगती है. चटनी बनकर तैयार है.
- इसे आप कांच के सूखे जार में भरकर फ्रिज में महीनों रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें- सर्दियों में अलसी का लड्डू कैसे बनाएं? जानें घर पर अलसी का लड्डू बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं