विज्ञापन

मूली की चटनी कैसे बनाएं? जानें चटपटी चटनी बनाने की आसान रेसिपी

मूली से बनी ये देसी चटनी स्वाद में इतनी लाजवाब होती है कि दाल-चावल, रोटी और पराठे के साथ खाने का मजा दोगुना हो जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती है. आइए जानते हैं इस चटनी को बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

मूली की चटनी कैसे बनाएं? जानें चटपटी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
सर्दियों में मूली से बनाएं चटपटी देसी चटनी
(Photo Credit: NDTV)

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी और रसदार मूली मिलने लगती है. आमतौर पर लोग मूली का इस्तेमाल सलाद, पराठे और सब्जी बनाने के लिए करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी मूली की चटनी खाई है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको इसकी बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. चटनी बनाने की ये रेसिपी फूड कंटेंट क्रिएटर और होम शेफ श्रुति महाजन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है. अपने इंस्टा हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में  श्रुति बताती हैं, मूली से बनी ये देसी चटनी स्वाद में इतनी लाजवाब होती है कि दाल-चावल, रोटी और पराठे के साथ खाने का मजा दोगुना हो जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती है. आइए जानते हैं इस चटनी को बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें

  • मूली की चटनी बनाने के लिए आपको एक ताजी मूली 
  • एक बड़ा चम्मच साबुत धनिया 
  • एक छोटा चम्मच जीरा 
  • एक छोटा चम्मच काली मिर्च 
  • 2 लहसुन की कलियां 
  • 2 हरी मिर्च 
  • एक बड़ा चम्मच सरसों का तेल 
  • 2 से 3 टमाटर 
  • आधा कप पुदीने की पत्तियां और 
  • तीन-चौथाई कप हरा धनिया चाहिए. 
  • इसके अलावा स्वादानुसार नमक और एक छोटा चम्मच अनारदाना भी लें.
इस तरह बनाएं मूली की चटपटी चटनी
  • सबसे पहले मूली को अच्छी तरह धोकर छील लें और फिर उसे कद्दूकस कर लें. अब, कद्दूकस की हुई मूली से एक्स्ट्रा पानी निचोड़कर अलग रख लें.
  • इसके बाद एक तवा गर्म करें और उस पर साबुत धनिया, जीरा और काली मिर्च डालकर हल्का भून लें. जब मसालों से खुशबू आने लगे, तो उन्हें एक कटोरी में निकाल लें. 
  • अब, उसी तवे पर सरसों का तेल गर्म करें और उसमें लहसुन की कलियां और हरी मिर्च डालकर भून लें.
  • अब, टमाटरों को आधा काटकर तवे पर अच्छी तरह भूनें. टमाटर भुनने के बाद उनका छिलका उतार लें. इससे चटनी में भुने हुए टमाटर का अच्छा स्वाद आएगा.
  • इसके बाद सबसे पहले भुने हुए मसाले, लहसुन और हरी मिर्च को सिलबट्टे पर अच्छी तरह कूट लें. इसके बाद इसमें पुदीने की पत्तियां और हरा धनिया डालकर कूटें. 
  • अब, भुने हुए टमाटर डालकर उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. आखिर में कद्दूकस की हुई मूली, नमक और अनारदाना डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. 

बस इतना करते ही आपकी चटपटी देसी मूली की चटनी बनकर तैयार हो जाएगी. शेफ बताती हैं कि इस चटनी का असली देसी स्वाद सिलबट्टे पर कूटने से आता है, लेकिन अगर आपके पास सिलबट्टा नहीं है, तो आप मिक्सर ग्राइंडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- दही का खट्टापन कैसे कम करें? जानें दही खट्टी हो जाए तो कैसे बैलेंस होगा स्वाद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com