- यूपी के प्रमुख शहरों के लिए नई मेमू ट्रेन चलेगी.
- यूपी में 9 मेमू ट्रेन चलाने का प्लान तैयार किया गया है.
- लखनऊ से कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी के बीच ट्रेन.
उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छी खबर है. लखनऊ रेल मंडल ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख रेल लाइनों पर यात्रा को तेज बनाने के लिए प्लान तैयार की है. इसके तहत लखनऊ से कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी के बीच मेमू (MEMU) ट्रेनों की संख्या में बड़ा विस्तार करने का फैसला लिया गया है, जिसके लिए रेलवे बोर्ड को अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेज दिया गया है. रेलवे को 9 मेमू ट्रेन का प्रस्ताव दिया गया है.
लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी और अयोध्या के बीच बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग रोजाना अप-डाउन करते हैं. कम किराए और समय की बचत के कारण मेमू ट्रेनें आम यात्रियों की पहली पसंद रही हैं. हरौनी, पिपरसंड, सोनिक, अजगैन और उन्नाव के रास्ते कानपुर आने-जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है.
पहले चलती थी 11 मेमू ट्रेन
कोरोना काल से पहले लखनऊ और बाराबंकी के बीच करीब 11 जोड़ी मेमू ट्रेनें संचालित होती थीं, लेकिन महामारी के बाद से इनकी संख्या घटकर केवल दो जोड़ी तक सीमित रह गई थी. इसी प्रकार, लखनऊ और अयोध्या के बीच भी नियमित और सुगम रेल सेवाओं की मांग लंबे समय से की जा रही थी. यात्रियों की इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने रूट के विस्तार का यह खाका तैयार किया है.
किस रूट पर कितनी मेमू ट्रेन
लखनऊ से कानपुर रूट के बीच दैनिक यात्रियों के भारी दबाव को कम करने के लिए 6 जोड़ी नई मेमू ट्रेनें चलाने के लिए रेक की मांग की गई है. वहीं लखनऊ से बाराबंकी रूट पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 2 जोड़ी मेमू ट्रेनें फिर से पटरी पर उतारने का प्रस्ताव है. जबकि लखनऊ से अयोध्या रूट पर भी 1 जोड़ी नई मेमू ट्रेन संचालित करने की तैयारी है.
जल्द शुरू होगी आधिकारिक अधिसूचना
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेल कोच फैक्ट्री से उत्तर रेलवे को जैसे ही नए रेक का आवंटन प्राप्त होगा, लखनऊ मंडल के लिए इनके संचालन की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी. इस विस्तार से न केवल यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी, बल्कि राजधानी लखनऊ से सटे इन प्रमुख औद्योगिक और धार्मिक जिलों के बीच आवागमन भी बेहद आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें | ट्रेन में RAC सुविधा होगी खत्म, टीटीई भी नहीं बांट पाएंगे सीट, 2016 से ही खाली सीट पर होती है करंट बुकिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं