चटनी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है. शायद इसलिए यहां हर मौसम की अलग चटनी और हर राज्य का अपना एक अलग स्वाद है. दाल-चावल हो, पराठा हो या फिर साधारण रोटी-सब्जी, एक स्वादिष्ट चटनी खाने का मजा कई गुना बढ़ा देती है. ऐसी ही एक चटनी है लहसुन की चटनी. अपने तीखे, मसालेदार और लाजवाब स्वाद के कारण यह चटनी कई राज्यों में बेहद पसंद की जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और बहुत कम सामग्री में यह तैयार हो जाती है.
कैसे बनाएं लहसुन की चटपटी चटनी-
सामग्री-
- 15 से 20 लहसुन की कलियां
- 4 से 5 सूखी लाल मिर्च
- आधा चम्मच जीरा
- स्वादानुसार नमक
- एक चम्मच नींबू का रस
- एक छोटा चम्मच तेल
विधि-
- सबसे पहले एक पैन में जीरा और सूखी लाल मिर्च को हल्का सा भून लें. इससे उनका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है.
- अब मिक्सर जार में भुना हुआ जीरा, लाल मिर्च और लहसुन की कलियां डालें.
- इसमें नमक और नींबू का रस मिलाकर पीस लें. यदि आपको चटनी थोड़ी स्मूद पसंद है तो इसमें एक या दो चम्मच पानी मिला सकते हैं.
- अगर आप पारंपरिक स्वाद चाहते हैं तो इसे सिलबट्टे पर पीसकर भी तैयार कर सकते हैं.
- कुछ ही मिनटों में आपकी लहसुन की चटनी तैयार हो जाएगी.
- यह चटनी रोटी, पराठे, दाल-बाटी, पकौड़े, समोसे और यहां तक कि सैंडविच के साथ भी बेहद स्वादिष्ट लगती है.
- राजस्थान और महाराष्ट्र में लहसुन की चटनी को खास तौर पर दाल-बाटी और बाजरे की रोटी के साथ सर्व किया जाता है.

लहसुन की चटनी खाने के फायदे-
लहसुन में एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, यह इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मददगार है. इतना ही नहीं इसके सेवन से पाचन को बेहतर बनाने शरीर को गर्म रखने में मदद मिल सकती है.
कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं लहसुन की चटनी?
एयरटाइट कंटेनर में फ्रिज में रखने पर यह चटनी 5 से 7 दिन तक फ्रेश रह सकती है. चटनी निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी-
जिन लोगों को एसिडिटी या पेट में जलन की समस्या रहती है, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए.
ये भी पढ़ें- रोटी बनाते ही हो जाती थी कड़क, बिना आटे में कुछ मिलाएं बस मैंने अपना ये तरीका, अब घंटों तक रहती है सॉफ्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं