कश्मीरी खाने का नाम आते ही सबसे पहले दिमाग में रोगन जोश, पुलाव जैसी चीजों का आता है. लेकिन क्या आपने कभी कश्मीरी नदुर यखनी का स्वाद चखा है. अगर नहीं तो एक बार जरूर करें ट्राई. हाल ही में इस रेसिपी को इंस्टाग्राम (kashmirfoodfusion and catch_foods) पर शेयर किया गया है, तो चलिए जानते हैं इसे घर पर बनाने की आसान रेसिपी.
नदुर यखनी क्या होती है?
नदुर यखनी कश्मीरी पंडितों की सबसे फेमस डिश है. ये कश्मीरी खाने का एक अहम हिस्सा है. इसमें कमल की जड़ को गोल-गोल काटकर पहले उबाला जाता है, फिर उसे दही, सौंफ, सौंठ और इलायची वाली सफेद ग्रेवी में पकाया जाता है. ऊपर से देसी घी और सूखा पुदीना डाला जाता है. इसका रंग सफेद-क्रीमी होता है. जो लोग तीखा और तला हुआ खाना नहीं खा सकते, उनके लिए ये डिश एकदम परफेक्ट है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं नदुर यखनी-
सामग्री-
- नदुर यानि (कमल ककड़ी)
- फ्रेश दही
- अदरक-लहसुन का पेस्ट
- सौंफ पाउडर
- सौंठ पाउडर
- हरी इलायची
- काली इलायची
- लौंग
- दालचीनी
- देसी घी
- सूखा पुदीना
- नमक स्वादानुसार
विधि-
- सबसे पहले कमल ककड़ी को अच्छे से धो लें. फिर उसे चाकू से पतले-पतले गोल टुकड़ों में काट लें.
- इसके अंदर छेद होते हैं, उनमें मिट्टी हो सकती है, इसलिए काटने के बाद फिर से धो लें.
- अब एक कुकर में कमल ककड़ी के टुकड़े, थोड़ा पानी, नमक और 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 2-3 सीटी लगा लें.
- कमल ककड़ी को बहुत ज्यादा नहीं गलाना है, बस इतना कि वो नरम हो जाए और चबाने में कुरकुरा लगे.
- उबलने के बाद कमल ककड़ी को अलग निकाल लें. इसका पानी फेंकना नहीं है, ये बाद में ग्रेवी में काम आएगा.
यखनी की सफेद ग्रेवी कैसे बनाएं?
एक बड़ी कढ़ाई में दही को अच्छे से फेंट लें. उसमें हरी इलायची, काली इलायची, लौंग, दालचीनी, सौंफ पाउडर, सौंठ पाउडर और 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर मिला लें. अब इस कढ़ाई को धीमी आंच पर रखें और लगातार चलाते रहें. ध्यान रखें, आंच तेज हुई तो दही फट जाएगा. जब दही में उबाल आने लगे, तो इसमें 1 चम्मच देसी घी डाल दें. अब इसमें उबला हुआ कमल ककड़ी और थोड़ा सा वो पानी डालें जो हमने बचाकर रखा था. इसे 10-12 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. आखिर में ऊपर से सूखा पुदीना डालकर गैस बंद कर दें.
क्या है सर्व करने का सही तरीका-
नदुर यखनी को हमेशा गरम-गरम सर्व करें. कश्मीर में इसे सफेद चावल के साथ खाया जाता है. चावल पर यखनी डालिए और ऊपर से थोड़ा सा देसी घी. बस, और कुछ नहीं चाहिए.
ये भी पढ़ें- सर्दियों के लिए परफेक्ट है चना भाजी और ज्वार रोटी का देसी कॉम्बिनेशन, इस ट्रिक से मिनटों में करें तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं