सुखड़ी कैसे बनाएं?
NDTV
सर्दी के मौसम में शरीर को अंदर से गर्म और ऊर्जावान बनाए रखना बेहद जरूरी होता है, यही कारण है इस समय विंटर स्पेशल रेसिपीज बनाई जाती हैं. अगर इस साल आप भी कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो जरूर बनाएं गोंद और बेसन की सुखड़ी. इस रेसिपी कि खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए न तो आपको घंटों बैठकर चाशनी नहीं बनानी और न ही लड्डू बांधने की लंबी और थका देने वाली प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसे आप बिना चीनी के, गुड़ और शुद्ध देसी घी से तैयार कर सकते हैं.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- बेसन (1 और 1/4 कप)
- गोंद (1/4 कप)
- देसी घी (आधा कप)
- बादाम (1/4 कप)
- काजू (1/4 कप)
- सूखा नारियल (1/4 कप)
- गुड़ का पाउडर (200 से 210 ग्राम)
- सोंठ पाउडर (1 छोटी चम्मच)
- काली मिर्च या सफेद मिर्च पाउडर (आधी छोटी चम्मच)
- हरी इलायची पाउडर (1 छोटी चम्मच)
- हल्दी पाउडर (1/4 छोटी चम्मच)
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले एक कढ़ाई में एक चम्मच देसी घी गर्म करें.
- अब इसमें बादाम डालकर धीमी आंच पर लगभग आधे से एक मिनट के लिए भून लें.
- इसके बाद इसमें काजू और बारीक कटे हुए सूखे नारियल के टुकड़े भी मिला लें.
- सभी चीजों को हल्का सुनहरा रंग आने तक दो से तीन मिनट के लिए भूनकर प्लेट में निकाल लें और ठंडा होने पर मिक्सी में पीसकर दरदरा पाउडर बना लें.
- अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ सारा देसी घी डाल दें.
- घी के हल्का गर्म होने पर इसमें दरदरा बेसन डालें.
- धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए बेसन को लगभग 12 से 15 मिनट तक भूनें, जब तक कि बेसन का कच्चापन पूरी तरह खत्म न हो जाए और इसमें से एक सोंधी खुशबू आने लगे.
- जब बेसन भुन जाए और उसका हल्का रंग बदल जाए, तब इसमें पहले से पीसकर तैयार किया गया गोंद का पाउडर मिला दें.
- गोंद को अलग से तलने या पकाने की जरूरत नहीं है यह गर्म बेसन के साथ ही आसानी से पककर कुरकुरी हो जाएगी.
- इसे लगातार चलाते हुए दो मिनट तक पकाएं.
- इसके बाद इसमें सोंठ पाउडर, काली मिर्च पाउडर, हरी इलायची पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर आधे मिनट के लिए और भून लें.
- अब इस भुने हुए मिश्रण में तैयार किए गए काजू, बादाम और नारियल का पाउडर मिला दें. सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाते हुए दो मिनट तक धीमी आंच पर पका लें और फिर गैस बंद कर दें.
- मिश्रण को गैस से उतारकर एक मिनट के लिए हल्का ठंडा होने दें.
- इस बीच एक थाली या ट्रे में चारों तरफ थोड़ा सा देसी घी लगाकर अच्छी तरह ग्रीस कर लें.
- अब इस गर्म मिश्रण में गुड़ का पाउडर थोड़ा करके डालें और स्पेचुला या चम्मच की मदद से अच्छी तरह दबाते हुए मिलाएं.
- गुड़ अच्छी तरह मिलने के बाद पूरे मिश्रण को ग्रीस की हुई थाली में पलट लें और समान रूप से फैलाते हुए ऊपर से स्पैचुला से अच्छी तरह दबाकर चिकना कर लें.
- अब इसे लगभग आधे घंटे के लिए सेट होने के लिए छोड़ दें.
- जब यह हल्का ठंडा और सेट होने लगे, तब चाकू की मदद से अपनी पसंद की शेप में निशान लगा लें.
- पूरी तरह ठंडा होने पर इसके परफेक्ट पीस बाहर आ जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: बचे चावल फेंकिए मत, 10 मिनट में बनाएं टिक्की कटलेट, बच्चे कहेंगे रोज बनाइए
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Food News