विज्ञापन

गोंद के लड्डू कैसे बनाएं? गोंद के सॉफ्ट लड्डू बनाने का ये है आसान और सही तरीका

सर्दियों में शरीर को एनर्जी देने वाली बहुत से चीजें बनाई जाती हैं, जिसमें एक गोंद के लड्डू भी हैं. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने घर पर गोंद के लड्डू और आटे की पिन्नी बनाने का आसान तरीका बताया है.

गोंद के लड्डू कैसे बनाएं? गोंद के सॉफ्ट लड्डू बनाने का ये है आसान और सही तरीका
गोंद के लड्डू कैसे बनाएं?

सर्दियों का मौसम आते ही घरों कई तरह की चीजें बनती हैं. खासकर दादी-नानी के हाथों की बने गोंद के लड्डू और पिन्नी बहुत अच्छी लगती है. इन दोनों मिठाइयों की तासीर गर्म होती है, इसलिए ठंड के दिनों में इन्हें खाना अच्छा माना जाता है. इसे गोंद, आटा, घी और सूखे मेवे से तैयार किया जाता है. ये शरीर को एनर्जी देने का भी काम करते हैं. अगर आप भी घर पर गोंद के लड्डू बनाना चाहते हैं तो चलिए आपको बताते हैं गोंद के लड्डू और आटे की पिन्नी बनाने का सही तरीका.

गोंद के लड्डू कैसे बनाएं?

इंस्टाग्राम पर @masterchefpankajbhadouria हैंडल पर एक मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में मास्टरशेफ ने घर पर गोंद के लड्डू और आटे की पिन्नी बनाने का आसान तरीका बताया है. गोंद के लड्डू और पिन्नी बनाने के लिए गोंद, गेहूं का आटा, देसी घी, बादाम, मखाने, नारियल, मगज, चीनी, इलायची, सौंठ और किशमिश की जरूरत होती है. सभी चीजें पहले से तैयार कर लें, क्योंकि एक बार कड़ाही चढ़ने के बाद सारी चीजें क्रम से भूननी होती हैं.

गोंद और ड्राई फ्रूट्स को फ्राई करें

सबसे पहले मीडियम गर्म घी में गोंद को दो बैच में तल लें. गोंद फूलकर हल्का और कुरकुरा हो जाए तो उसे निकाल लें. इसके बाद उसी घी में बादाम, मखाने और नारियल को भी हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें. मगज को अलग से सूखा भूनें, जब तक वो चटकने न लगे. ठंडा होने के बाद गोंद को हल्का कूट लें और ड्राई फ्रूट्स व मखानों को दरदरा पीस लें.

आटा भूनने का सही तरीका

अब कड़ाही में 3 कप गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर भूनें. आटे को लगातार चलाते रहें, ताकि वह जले नहीं. जब आटे का रंग बिस्कुट जैसा सुनहरा हो जाए और उससे अच्छी खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें. हल्का ठंडा होने पर इसमें पीसे हुए ड्राई फ्रूट्स और चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. फिर इस पेस्ट को दो बराबर भागों में बांट लें.

गोंद के लड्डू बनाने का तरीका

एक हिस्से में तला हुआ गोंद, नारियल, मखाने, इलायची पाउडर और सौंठ मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर हाथों से गोल-गोल लड्डू बना लें. ये लड्डू स्वाद और पोषण दोनों से भरपूर होते हैं.

पिन्नी बनाने का आसान तरीका

दूसरे हिस्से में बचा हुआ गोंद, मगज, इलायची पाउडर, सौंठ, किशमिश और मोटी इलायची के दरदरे दाने मिलाएं. सारे मिश्रण को अच्छे से मिलाकर मुट्ठी की मदद से पिन्नी का आकार दें. गोंद के लड्डू और पिन्नी दोनों ही सर्दियों के लिए बेहतरीन हैं. ये शरीर को गर्म रखने, ताकत बढ़ाने और पोषण देने का काम करती हैं.

यह भी पढ़ें:- गेहूं के आटे से बनाएं कुरकुरी मसाला पापड़ी, 1 कप आटे से खस्ता कुरकुरा नाश्ता बनाने का सही तरीका

यह भी पढ़ें:- घर में ड्राई क्लीन कैसे करें? कोट-ब्लेजर और जैकेट ड्राई क्लीन करने का आसान तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gond Ke Laddu, Gond Ke Laddu Kaise Banate Hain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com