- हरिद्वार अर्द्धकुंभ में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
- सुरक्षा व्यवस्था के लिए 6 राज्यों से अलग-अलग पुलिस टीम मांगी गई.
- यूपी, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल समेत एमपी राजस्थान से डिमांड.
Haridwar Ardh Kumbh Mela 2027: जनवरी 2027 से हरिद्वार में आयोजित होने जा रहे अर्द्धकुंभ के दौरान 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने चार राज्यों से फोर्स की डिमांड भेजी है. इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से अतिरिक्त पुलिस बल मांगी गई है. इन राज्यों से नागरिक पुलिस के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस, फायर सर्विस, इंटेलिजेंस और पीएसी की कंपनियां तैनात की जाएंगी. इसके अलावा यूपी समेत 3 राज्यों से घुड़सवार टीम की भी मांग की गई है.
किन राज्यों से कितनी पुलिस फोर्स की मांग
प्रस्तावित सुरक्षा योजना के तहत चारों पड़ोसी राज्यों से अलग-अलग इकाइयों की मांग की गई है. इसमें यूपी पुलिस से सर्वाधिक बल की मांग की गई है. यूपी से नागरिक पुलिस के 2,195 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 330, फायर के 187, इंटेलिजेंस के 200 और पीएसी की 48 कंपनियां होंगी. वहीं हरियाणा से नागरिक पुलिस के 1,105 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 100, इंटेलिजेंस के 45 और पीएसी की 12 कंपनियां मांगी गई हैं.
हिमाचल प्रदेश की बात करें तो नागरिक पुलिस के 555 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 36, इंटेलिजेंस के 18 और पीएसी की 12 कंपनियों की डिमांड भेजी गई है. जबकि दिल्ली से नागरिक पुलिस के 55 जवान, ट्रैफिक पुलिस के 65, फायर के 58 और इंटेलिजेंस के 18 कर्मी मांगे गए हैं.
घुड़सवार टीम भी होगी तैनात
मेले की निगरानी और भीड़ नियंत्रण के लिए तीन राज्यों से घुड़सवार टीमें भी तैनात की जाएंगी, जिनमें उत्तर प्रदेश से 15 घोड़े और 35 जवान, मध्य प्रदेश से 20 घोड़े और 20 जवान तथा राजस्थान से 20 घोड़े और 20 जवान शामिल हैं. इसके अलावा पहले और दूसरे चरण में ATS की छह टीमें जिसमें प्रत्येक में 12 जवान, NSG की छह टीमें और साइबर कमांडो की 25 टीमें मुस्तैद रहेंगी.
अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2010 के कुंभ में लगभग 4.35 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि 2027 में 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के आने के अनुमान के मद्देनजर 2010 की तुलना में डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल तैनात किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश का सफर होगा तेज, फलौदा-भूराहेड़ी में बन रहे 2 फ्लाईओवर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं