- कवच से लैस आगरा-नई दिल्ली सेमी हाईस्पीड ट्रैक में शामिल.
- वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के परीक्षण के लिए प्रमुख केंद्र बनेगा.
- आगरा-नई दिल्ली ट्रैक पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार.
आगरा और नई दिल्ली के बीच का रेलखंड अब स्लीपर और सामान्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के परीक्षण के लिए प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है. कवच सुरक्षा प्रणाली से लैस इस मार्ग में भविष्य में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ाने की क्षमता मौजूद है. ऐसे में नई स्लीपर वंदे भारत हो या सामान्य वंदे भारत एक्सप्रेस, दोनों के परीक्षण के लिए इस रेलखंड का इस्तेमाल किया जाएगा.
कवच से लैस आगरा-नई दिल्ली सेमी हाईस्पीड ट्रैक में शामिल
देश के शुरुआती सेमी हाईस्पीड रेल मार्गों में शुमार आगरा-नई दिल्ली रेलखंड पर प्रतिदिन 300 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है. वर्ष 2015 में इस रूट पर गतिमान एक्सप्रेस की शुरुआत के बाद कवच प्रणाली लगाने का काम आगे बढ़ा. अब इसके अधिकांश हिस्से में यह सुरक्षा व्यवस्था स्थापित हो चुकी है और इसका सफल परीक्षण भी किया जा चुका है, जिससे आमने-सामने या पीछे से होने वाली टक्कर का खतरा कम होगा.
इस रेलखंड पर गतिमान एक्सप्रेस के अलावा शताब्दी, राजधानी और दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का परीक्षण पहले ही किया जा चुका है. नई वंदे भारत ट्रेनों में भी कवच सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे नई ट्रेनों की क्षमता परखने के लिए यह मार्ग उपयुक्त विकल्प बनता है.
200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जोन के एक अधिकारी के अनुसार, स्लीपर और सामान्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जो फिलहाल अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलती हैं. अधिकारी ने बताया कि आगरा-नई दिल्ली रेलखंड पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से ट्रेनों के संचालन की क्षमता है, जिससे भविष्य में उच्च गति वाली सेवाओं का रास्ता खुल सकता है.
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने बताया कि मजबूत पटरियों, नियमित रखरखाव और बेहतर निगरानी के चलते मंडल में ट्रेनों के समय पर चलने का आंकड़ा 91 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है. रेलवे लगातार इस मार्ग की निगरानी कर रहा है और नई ट्रेनों की नियमित जांच पर जोर दे रहा है.
यह भी पढ़ें | वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में कम खाना मिलेगा, मेन्यू भी चेंज हुआ, अन्य ट्रेनों में बड़े बदलाव की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं