विज्ञापन

30 दिनों तक सेब खाने से शरीर में क्या-क्या बदलाव होता है?

सुबह खाली पेट सेब खाने की सलाह कई लोग देते हैं. लेकिन क्या सच में 30 दिनों तक सेब खाने से आपके शरीर में किसी तरह का बदलाव होता है? यहां डॉक्टर से जानते हैं-

30 दिनों तक सेब खाने से शरीर में क्या-क्या बदलाव होता है?
Apple Eating for 30 Days : 30 दिनों तक सेब खाने से क्या होता है?

आपने अपने दादी-नानी या फिर किसी बड़े-बुजुर्गे से कहावत, 'रोज एक सेब खाओ और डॉक्टर से दूर रहो' सुनी ही होगी. लेकिन क्या सच में सुबह खाली पेट सेब खाना इतना फायदेमंद होता है? और अगर आप लगातार 30 दिनों तक ऐसा करें तो शरीर पर इसका क्या असर पड़ सकता है? इसी सवाल का जवाब यहां यशोदा हॉस्पिटल्स के कंसल्टेंट कार्डियोथोरेसिक मिनिमल इनवेसिव सर्जन डॉ. विशाल खांते दे रहे हैं. 

डॉक्टर खांते कहते हैं कि सेब पोषक तत्वों से भरपूर फल है, जिसमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन और नैचुरल शुगर मौजूद होती है. यही वजह है कि रोजाना सेब खाने की आदत कई लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है.

पाचन हो सकता है बेहतर

डॉ. खांते का कहना है कि सुबह खाली पेट सेब खाने से शरीर को अच्छी मात्रा में फाइबर मिलता है. खासकर इसमें मौजूद पेक्टिन नाम का घुलनशील फाइबर आंतों की सेहत को बेहतर बनाने में मदद करता है. यही कारण है कि रोजाना सेब खाने वाले लोगों में कब्ज की समस्या कम देखने को मिल सकती है और सुबह पेट साफ होने में मदद मिल सकती है.

शरीर को जल्दी मिलती है ऊर्जा

रोज सुबह खाली पेट सेब खाने का एक फायदा यह भी है कि इसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है. अगर आप दिन की शुरुआत हल्के और हेल्दी तरीके से करना चाहते हैं तो सेब एक अच्छा विकल्प हो सकता है. कई लोग सुबह चाय या कॉफी के बजाय फल खाना पसंद करते हैं और सेब उनमें सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है.

वजन कंट्रोल करने में मिल सकती है मदद

जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए भी रोजाना सेब खाना फायदेमंद हो सकता है. सेब में कैलोरी कम होती है, जबकि फाइबर ज्यादा होता है. इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस हो सकता है और बार-बार भूख लगने की संभावना कम हो सकती है. यही वजह है कि कई डाइट एक्सपर्ट भी वजन प्रबंधन के लिए सेब खाने की सलाह देते हैं.

हार्ट रहता है हेल्दी

डॉक्टर कहते हैं कि सेब में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर हृदय स्वास्थ्य को सपोर्ट कर सकते हैं. नियमित रूप से फल खाने की आदत को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. हालांकि, सिर्फ सेब खाने से किसी बीमारी का इलाज नहीं हो सकता, लेकिन संतुलित आहार का हिस्सा बनने पर यह दिल की सेहत के लिए लाभदायक हो सकता है.

किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?

डॉक्टर बताते हैं कि हर किसी के लिए खाली पेट सेब का सेवन करना सही नहीं होता है, जैसे-

  • जिन लोगों को पाचन संबंधी संवेदनशीलता
  • गैस और ब्लोटिंग की परेशानी हो
  • फ्रुक्टोज मालएब्जॉर्प्शन जैसी समस्या हो
  • ब्लड शुगर बढ़ा हुआ हो

ऐसे लोगों को सुबह खाली पेट सेब खाने के बाद पेट में भारीपन या असहजता महसूस हो सकती है.

सेब खाने का सबसे अच्छा तरीका क्या है?

डॉक्टर कहते हैं कि अगर आप सेब खाने का अच्छा रिजल्ट पाना चाहते हैं, तो सेब को अकेले खाने के बजाय बादाम, अखरोट, दही या ओट्स जैसी चीजों के साथ खाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. इससे ब्लड शुगर का उतार-चढ़ाव कम होता है और पेट भी लंबे समय तक भरा रहता है.

ये भी पढ़ें - सेब खरीदते वक्त भूलकर भी न करें ये गलती, इस छोटी से ट्रिक जानें Apples मीठा या खट्टा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Apple, Stomach Health, Stomach, Apple Benefits, Apple Benefits For Brain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com