विज्ञापन

अफगान युवक झोले में ले जा रहा था 11 डिब्बे, एयरपोर्ट पर CISF का ठनका माथा, एक्स-रे जांच में खुला

काबुल जाने वाली फ्लाइट में बैठ चुका था शातिर तस्कर, लेकिन तभी दिल्ली एयरपोर्ट के T3 पर सुरक्षाकर्मियों को हुआ कुछ ऐसा शक. बैग खुलते ही उड़ गए सबके होश.

अफगान युवक झोले में ले जा रहा था 11 डिब्बे, एयरपोर्ट पर CISF का ठनका माथा, एक्स-रे जांच में खुला

नई दिल्ली. एकदम साफ-सुथरे कपड़े, चेहरे पर कोई शिकन नहीं और चाल ऐसी कि कोई शक भी न कर सके. उसने सोचा था कि सुरक्षा के सारे घेरों को वो अपनी खामोशी से चकमा दे देगा. वीआईपी की तरह हाथ में छोटा सा बैग लटकाए, वो काबुल की फ्लाइट पकड़ने के लिए तैयार था. उसने इतनी चालाकी से 11 डिब्बों में पैक किया था कि खुशबू भी बाहर न आ पाए. ये एक शातिर तस्कर का बेहद फुलप्रूफ प्लान था. लेकिन वो भूल गया कि दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर लोहे को भी चीरकर देख लेने वाली एक्स-रे मशीनें और बाज जैसी पैनी निगाहें रखने वाले सीआईएसएफ के जांबाज तैनात हैं. 

एयरपोर्ट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा

मामला मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे का है. टर्मिनल-3 पर सुरक्षा जांच चल रही थी. तभी एक्स-रे मशीन पर तैनात सीआईएसएफ (CISF) के एक जवान को स्क्रीन पर कुछ अजीब दिखाई दिया. एक अफगान मुसाफिर, जो 'काम एयर' की फ्लाइट से काबुल जाने की तैयारी में था, उसके हैंड बैग में कुछ संदिग्ध डिब्बे दिखे. जब बैग को खोला गया, तो सुरक्षाकर्मियों के भी होश उड़ गए. बैग के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 11 प्लास्टिक के डिब्बे थे, जो खुशबूदार चंदन की लकड़ी से ठसाठस भरे हुए थे. इतना देखते ही सीआईएसएफ के जवानों ने अफगानी नागरिक को घेर लिया.  

उड़ान भरने से पहले ही 'ऑफलोड'

सीआईएसएफ ने बिना वक्त गंवाए तुरंत कस्टम विभाग को इसकी जानकारी दी. मौके पर कस्टम के बड़े अफसर पहुंचे. इस अफगान नागरिक को दोपहर करीब 3:28 बजे फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया, यानी 'ऑफलोड' कर दिया गया. अब यह मुसाफिर काबुल जाने के बजाय सुरक्षा एजेंसियों के चक्रव्यूह में फंस चुका है.

चंदन ले जाना गुनाह क्यों है?

भारत में चंदन की लकड़ी का बिना लाइसेंस या अवैध तरीके से ट्रांसपोर्ट और एक्सपोर्ट करना पूरी तरह गैरकानूनी है. विदेश व्यापार महानिदेशक (DGFT) के कड़े नियमों के मुताबिक, आप किसी भी रूप में चंदन को देश से बाहर नहीं भेज सकते. इसके लिए बेहद सख्त कानून बने हैं.

इस पूरी घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हमारे देश के एयरपोर्ट्स पर सीआईएसएफ की सुरक्षा कितनी चौकस है. चाहे कोई कितनी भी चालाकी से प्रतिबंधित चीजें ले जाने की कोशिश करे, वो बच नहीं सकता. फिलहाल, आरोपी मुसाफिर और जब्त चंदन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है. 

(PTI से इनपुट) 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IGI Airport, IGI Terminal 2, Smuggle, Sandalwood Seized
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com
//added to preserve the height