सेब को सेहत का खजाना कहा जाता है. लेकिन जब भी हम बाजार में फल खरीदने जाते हैं, तो सबसे पहले हमारी नजरें लाल-लाल रंग के सेब पर टिक जाती हैं और हम बिना सोचे-समझे उन्हें खरीद लेते हैं. लेकिन घर लाकर जब हम उन्हें काटते हैं, तो कई बार पता चलता है कि वे अंदर से फीके, खट्टे या सूखे हैं. अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है, तो अब परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम यू्टूयब चैनल (@AnnieTips365) द्वारा शेयर टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिनसे आप आसानी से पता कर सकते हैं, कि सेब अंदर से खट्टा है या मीठा. तो चलिए बिना किसी देरी के जानते हैं उन ट्रिक्स के बारे में.
यहां देखें पूरा वीडियो-
सही सेब चुनने का सीक्रेट-
1. लाल रंग देखकर धोखा न खाएं-
अक्सर हमें लगता है कि जो सेब पूरी तरह से गहरे लाल रंग का होता है, वही सबसे ज्यादा मीठा और पका हुआ होता है. लेकिन सच तो यह है कि कई बार दुकानदार सेब को चमकाने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करते हैं. जो सेब प्राकृतिक रूप से धूप में पकते हैं, उनके छिलके पर हरे और हल्के पीले-लाल रंग के शेड्स या प्राकृतिक धारियां दिखाई देती हैं. अगर सेब पर हल्की धारियां हैं और रंग में थोड़ा प्राकृतिक बदलाव दिख रहा है, तो समझ जाइए कि वह अंदर से ज्यादा मीठा और कुरकुरा होगा. इसके विपरीत, बहुत ज्यादा चमकीले और एक समान रंग वाले सेब हमेशा बेहतरीन स्वाद दें, यह जरूरी नहीं है.
2. डंठल- से पहचानें-
सेब खरीदते समय उसका डंठल देखना बहुत काम का साबित हो सकता है. अगर सेब का डंठल हरा और ताजा है, तो इसका मतलब है कि उसे हाल ही में तोड़ा गया है. ताजा डंठल वाले सेब अंदर से ज्यादा रसीले और क्रिस्पी होते हैं. वहीं दूसरी तरफ, अगर सेब का डंठल सूखा हुआ है, तो समझ लीजिए कि वह काफी समय पहले तोड़ा गया था और उसके अंदर की नमी कम हो चुकी है. ऐसे सेब खाने में सूखे और कम स्वादिष्ट लग सकते हैं.
3. सेब के नीचे का हिस्सा चेक करें-
क्या आपने कभी गौर किया है कि सेब का निचला हिस्सा हर सेब में अलग तरह का होता है. जिन सेबों के नीचे का हिस्सा थोड़ा चौड़ा और हल्का सा चपटा होता है, वे आमतौर पर ज्यादा गोल, मीठे और खुशबूदार होते हैं. वहीं, जो सेब नीचे से बहुत अंदर की तरफ गहरे और संकीर्ण होते हैं, उनका स्वाद थोड़ा खट्टा या कड़ा हो सकता है.
4. वजन और आवाज-
दो एक जैसे आकार के सेब लें और उन्हें अपने हाथों में उठाकर उनका वजन महसूस करें. जो सेब हाथ में थोड़ा भारी लगे और थपथपाने पर साफ या तेज आवाज दे, वह अंदर से बहुत रसीला और मीठा होगा. इसके मुकाबले जो सेब हल्का लगे और जिसकी आवाज थोड़ी भारी या डल लगे, उसमें पानी या रस कम हो सकता है.
ये भी पढ़ें- 1 महीने तक चावल नहीं खाने से क्या होता है? जानिए चावल खाने के नुकसान और फायदे
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं