भारतीय किचन में दाल के बिना हर मील अधूरा सा लगता है. क्योंकि लंच से लेकर डिनर तक में हम दाल जरूर बनाते हैं. रोटी हो या चावल, गरमा-गरम दाल मिल जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. प्रोटीन, आयरन और फाइबर से भरपूर दाल सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. लेकिन अक्सर हम में से कई लोग जल्दबाजी में पैकेट या डिब्बे से दाल निकालते हैं और सीधे कुकर में उबालने के लिए चढ़ा देते हैं. क्या आप जानते हैं कि बिना भिगोए दाल पकाने से आपको पूरा पोषण नहीं मिलता? जी हां आपने बिल्कुल सही सुना.
दाल को बनाने से कम से कम आधे घंटे यानि 30 मिनट पहले पानी में भिगोकर रखना बेहद जरूरी है. आखिर ऐसा क्यों किया जाता है आइए जानते हैं.
दाल को क्यों भिगोकर रखना चाहिए-
1. पेट के लिए-
बिना भिगोई दाल खाने के बाद अक्सर लोगों को पेट फूलने या गैस की शिकायत हो जाती है. दालों में कुछ ऐसे प्राकृतिक तत्व होते हैं जो पचने में भारी होते हैं. जब आप दाल को 30 मिनट के लिए पानी में भिगोते हैं, तो ये गैस बनाने वाले तत्व कम हो जाते हैं, जिससे दाल हल्की बनती है और पेट में भारीपन नहीं होता.

2. कमजोर पाचन-
कच्ची या बिना भीगी दाल को पचने में पेट को बहुत मेहनत करनी पड़ती है. पानी में भिगोने से दाल के दाने नरम होने लगते हैं, जिससे यह आसानी से पच जाती है. जिन लोगों का पाचन कमजोर होता है, उनके लिए भीगी हुई दाल खाना बहुत फायदेमंद माना जाता है.
3. पूरा पोषण-
दालों में फाइटिक एसिड जैसे तत्व पाए जाते हैं जो शरीर में आयरन और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्वों के मिलने की प्रक्रिया को रोकते हैं. जब आप दाल को भिगोकर रखते हैं, तो ये हानिकारक तत्व पानी में निकल जाते हैं. इससे शरीर को दाल का पूरा प्रोटीन और अन्य विटामिन आसानी से मिल जाते हैं.
4. समय और गैस की बचत-
सूखी दाल को पकने में काफी समय लगता है और कुकर में कई सीटियां लगानी पड़ती हैं. जब दाल पहले से ही पानी सोखकर थोड़ी फूल जाती है, तो यह बहुत जल्दी पक जाती है. इससे आपका समय और गैस दोनों की बचत होती है.
जरूरी टिप्स-
दाल को पकाने से पहले उसे 2 से 3 बार साफ पानी से जरूर धो लें. इसके बाद इसे कम से कम आधे घंटे के लिए पानी में डूबा कर छोड़ दें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: पेट की चर्बी को करना है कम? रोज डिनर में पिएं यह सूप, कुछ ही दिनों में दिखेगा फर्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं