क्या आपको या आपके बच्चों को शाम के वक्त अचानक से तेज भूख लग जाती है और समझ नहीं आता कि क्या झटपट बनाएं? क्योंकि ऐसे में बच्चे अक्सर बाहर का खाना खाने की जिद करने लगते हैं. अगर आप उन्हें कुछ हेल्दी और टेस्टी खिलाना चाहते हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको इंस्टाग्राम (snehasinghi1) नामक हैंडल पर शेयर रेसिपी के बारे में बता रहे हैं, जिसे आप आसानी से कम समय में बना सकते हैं.
हम बात कर रहे हैं सुपर क्रंची और चीज़ी 'चिल्ली पनीर चीज़ टोस्ट' की. यह डिश जितनी खाने में टेस्टी है, उतनी ही बनाने में आसान है और इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें पनीर हम बाजार से लाने के बजाय बिल्कुल फ्रेश घर पर ही तैयार करेंगे.
यहां देखें वीडियो-
घर पर कैसे बनाएं पनीर चीज़ टोस्ट-
सामग्री-
फ्लेवर्ड पनीर के लिए-
- 500 मिली दूध
- ½ छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- ½ छोटा चम्मच ऑरेगैनो
- ½ छोटा चम्मच नमक
- ¼ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच सिरका या 1½ बड़ा चम्मच नींबू का रस
टोपिंग के लिए-
- ½ कप फ्लेवर्ड पनीर (क्रम्बल किया हुआ)
- ¼ कप बारीक कटा प्याज
- ¼ कप बारीक कटी शिमला मिर्च
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
- 3-4 लहसुन की कलियां बारीक कटी हुई
- ½ कप कद्दूकस किया हुआ चीज़ (मोज़रेला या प्रोसेस्ड)
- स्वादानुसार नमक
- 4 ब्रेड स्लाइस
- 1-2 बड़ा चम्मच बटर
विधि-
- एक पैन में दूध गर्म करें. इसमें चिली फ्लेक्स, ऑरेगैनो, नमक और काली मिर्च डालें.
- दूध में उबाल आने पर सिरका या नींबू का रस डालें. दूध फटने के बाद गैस बंद कर दें.
- छलनी से छानकर पनीर अलग कर लें और हल्के पानी से धो लें. पनीर को हल्का दबाकर एक्स्ट्रा पानी निकालें और हाथों से क्रम्बल कर लें.
- एक बाउल में फ्लेवर्ड पनीर, प्याज, शिमला मिर्च, हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन और कद्दूकस किया हुआ चीज़ डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत हो तो थोड़ा नमक भी मिला लें.
- ब्रेड स्लाइस पर हल्का बटर लगाएं. तैयार पनीर-चीज़ मिश्रण को ब्रेड पर समान रूप से फैलाएं.
- पहले से गर्म किए गए ओवन या एयर फ्रायर में 180°C पर 8-10 मिनट तक बेक करें.
- जब चीज़ अच्छी तरह पिघल जाए और ऊपर से हल्का गोल्डन रंग आ जाए, तो निकाल लें.
सर्व करने का तरीका-
गर्मागर्म चिल्ली चीज़ टोस्टी को टमाटर केचप, ग्रीन चटनी या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: सिर्फ 5 मिनट में तैयार करें Saffron Coffee, हर घूंट में मिलेगा रॉयल फ्लेवर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं