सर्दियों का मौसम आते ही भारतीय घरों में तरह-तरह के साग बनते हैं. अगर आप भी साग खाना पसंद करते हैं, और नॉनवेजिटेरियन हैं तो एक बार जरूर ट्राई करें ये लाल साग. क्योंकि आज हम जिस साग के बारे में बात कर रहे हैं उसे लाल साग चिंगड़ी कहा जाता है. बंगाल में ये सिर्फ एक सब्जी नहीं है, ये बचपन की याद है, मां के हाथ का स्वाद है. एक प्लेट गरम-गरम भात और साथ में लाल साग चिंगड़ी हो, तो और क्या चाहिए. लाल-लाल अमरनाथ के पत्ते, छोटे-छोटे झींगे और हरी मिर्च का जो कॉम्बिनेशन बनता है, वो एक बार खा लिया तो भूलता नहीं.
लाल साग चिंगड़ी क्या है?
लाल साग मतलब लाल चौलाई या रेड अमरनाथ. इसके पत्ते गहरे लाल-बैंगनी रंग के होते हैं. और चिंगड़ी मतलब छोटा झींगा, जिसे प्रॉन भी कहते हैं बंगाल में जब लाल साग बाजार में आता है, तो हर घर में ये डिश जरूर बनती है. ये खाने में थोड़ी मिट्टी जैसी, थोड़ी मीठी और हल्की तीखी लगती है. ऊपर से नारियल का बुरादा डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. जो लोग झींगा नहीं खाते, वो इसे बिना चिंगड़ी के भी बना सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं लाल साग चिंगड़ी-
सामग्री-
- लाल साग
- चिंगड़ी (झींगा)
- हरी मिर्च
- कसा हुआ नारियल
- हल्दी
- सरसों का तेल
- काला जीरा
- चीनी
- नमक स्वादानुसार
विधि-
- सबसे पहले साग का जड़ वाला हिस्सा काटकर अलग कर दें. फिर पत्तों को बारीक-बारीक काट लें.
- अब इसे 2-3 बार साफ पानी से धोएं. साग में मिट्टी बहुत होती है, इसलिए धोने में कंजूसी मत कीजिए.
- चिंगड़ी को धोकर उसमें थोड़ी हल्दी और नमक लगा दीजिए. अब कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गरम करके चिंगड़ी को 2-3 मिनट भून लीजिए.
- जैसे ही चिंगड़ी गुलाबी हो जाए, उसे निकालकर अलग रख दीजिए. इसे ज्यादा देर मत भूनिए, वरना ये सख्त हो जाएगी.
- अब उसी कड़ाही में थोड़ा और सरसों का तेल डालिए. तेल में काला जीरा और हरी मिर्च का तड़का लगाइए.
- जैसे ही जीरा चटकने लगे, कटा हुआ लाल साग डाल दीजिए. साग डालते ही कड़ाही भर जाएगी.
- लेकिन घबराइए मत, 2 मिनट में ही ये सिकुड़कर आधा रह जाएगा. अब इसमें नमक और हल्दी डालकर ढककर 5-6 मिनट पकाइए.
- जब साग का पानी सूख जाए, तो इसमें कसा हुआ नारियल डाल दीजिए. यही इस रेसिपी का सीक्रेट है.
- नारियल से साग में एक हल्की मिठास और खुशबू आ जाती है. अब इसमें भुनी हुई चिंगड़ी डालकर 2 मिनट और भूनिए.
- आखिर में एक चुटकी चीनी डालकर गैस बंद कर दीजिए. बंगाली खाने में एक चुटकी चीनी जरूर डलती है, इससे स्वाद बैलेंस हो जाता है. इसके साथ गरम भात यानी सादे चावल सर्व करें.
ये भी पढ़ें- सर्दियों के लिए परफेक्ट है चना भाजी और ज्वार रोटी का देसी कॉम्बिनेशन, इस ट्रिक से मिनटों में करें तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं