क्या आप भी ऐसी रेसिपी की तलाश कर रहे हैं जिसमें मसाले और तेल का इस्तेमाल बहुत कम किया गया हो, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको बंगाल की मशहूर भापा पोस्तो की रेसिपी बता रहे हैं. दरअसल बंगाली खाने की सबसे बड़ी खासियत यही होती है कि वहां बेहद कम मसालों में भी स्वाद का ऐसा जादू पकाया जाता है कि इंसान उंगलियां चाटता रह जाए. भापा पोस्तो यानी भाप में पकी हुई खसखस.
यह रेसिपी न सिर्फ खाने में बेहद हल्की होती है, बल्कि इसे बनाना भी इतना आसान है कि कोई भी पहली बार में इसे एकदम परफेक्ट बना सकता है. अगर आपने इसे एक बार अपने घर पर बना लिया, तो यकीन मानिए परिवार के लोग इसे बार-बार बनाने की फरमाइश करेंगे. तो आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
कैसे बनाएं भापा पोस्तो- (How To Make Bhapa Posto Recipe)
सामग्री-
- पोपी सीड्स- खसखस- ½ कप
- हरी मिर्च- 2 पेस्ट के लिए
- प्याज- ½ पेस्ट के लिए
- टमाटर- 1 बारीक कटा हुआ
- सरसों का तेल- 2 बड़े चम्मच
- नमक- स्वाद अनुसार
- पानी- भिगोने, पीसने और मिलावट के लिए आवश्यकतानुसार
विधि-
- सबसे पहले ½ कप पोपी सीड्स लें और उसे एक कटोरे में गुनगुने पानी के साथ 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें.
- गुनगुने पानी में भिगोने से खसखस अच्छी तरह फूल जाती है और पीसते वक्त इसका स्मूथ पेस्ट बनता है.
- 10 मिनट बाद भीगी हुई खसखस को पानी से निकालकर मिक्सी के जार में डालें.
- अब इसमें 2 हरी मिर्च, ½ कटा हुआ प्याज और थोड़ा सा नमक डालें. थोड़ा सा पानी मिलाकर इसे एकदम बारीक और स्मूथ पीस लें.
- अब इस तैयार पेस्ट को एक स्टील के टिफिन बॉक्स में निकालें. इसके ऊपर से 1 बारीक कटी हरी मिर्च, ½ बारीक कटा प्याज और 1 बारीक कटा टमाटर डालें.
- अब इसमें थोड़ा सा पानी मिलाएं ताकि ग्रेवी गाढ़ी और सॉफ्ट रहे. इसके बाद इसमें 2 बड़े चम्मच कच्चा सरसों का तेल डालें.
- बंगाली रेसिपीज में सरसों के तेल का एक खास तीखा स्वाद होता है जो स्टीम होने के बाद बहुत बढ़िया लगता है.
- अब इन सभी चीजों को चम्मच से अच्छी तरह मिला लें और टिफिन का ढक्कन मजबूती से बंद कर दें.
- एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें टिफिन बॉक्स रखकर ढक्कन लगा दें. इसे 7 से 8 मिनट के लिए भाप में पकने दें.
- गैस बंद कर दें और टिफिन को थोड़ा ठंडा होने दें. जब टिफिन ठंडा हो जाए तो ढक्कन खोलें.
- आपकी गरमा-गरम, खुशबूदार और स्वादिष्ट 'भापा पोस्तो' बनकर तैयार है. इसे गरम-गरम उबले हुए चावल के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: किचन में सब्जी खत्म? पापड़ से बनाएं राजस्थानी डिश, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं