- भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने 19 नवंबर को देश के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में फ्री एंट्री की घोषणा की है.
- विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाता है, इसका उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है
- 19 नवंबर को आगरा, दिल्ली समेत देशभर के प्रमुख स्मारकों में निशुल्क प्रवेश मिलेगा.
Taj Mahal Free Entry 19 November: अगर आप लंबे समय से ताजमहल, लाल किला या देश की किसी ऐतिहासिक इमारत को देखने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए बेहतरीन मौका है. दरअसल, 19 नवंबर को देशभर के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों को बिना किसी टिकट के मुफ्त एंट्री मिलेगी. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत के मौके पर पर यह बड़ा फैसला लिया है. इसके तहत गुरुवार को देशी और विदेशी सभी सैलानियों के लिए प्रवेश शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है. आगरा ट्रेडर्स और वाहन चालको में इस फैसले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. इनका मानना है कि प्रशासन की यह पहल बेहद सराहनीय है. फ्री एंट्री मिलने से न सिर्फ स्थानीय लोग, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में इन ऐतिहासिक धरोहरों का दीदार करने पहुंचेंगे.
हर साल 19 से 25 नवंबर तक देशभर में विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों और युवाओं को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन स्मारकों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. इस विशेष सप्ताह के पहले दिन यानी 19 नवंबर को सैलानी बिना टिकट खरीदे इन ऐतिहासिक इमारतों की भव्यता और स्थापत्य कला को करीब से देख सकेंगे.
देश के किन प्रमुख स्मारकों में मिलेगी फ्री एंट्री?
19 नवंबर को देश के किसी भी कोने में स्थित टिकट वाले पुरातात्विक स्थलों पर मुफ्त में घूम सकते हैं. इनमें प्रमुख रूप से ये ऐतिहासिक स्थल शामिल हैं.
- आगरा के स्मारक: ताजमहल (मुख्य परिसर), आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला का मकबरा और मेहताब बाग.
- दिल्ली के स्मारक: लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, पुराना किला और सफदरजंग मकबरा.
- अन्य राज्यों के प्रमुख स्थल: मध्य प्रदेश के खजुराहो मंदिर, ओडिशा का कोणार्क सूर्य मंदिर, महाराष्ट्र की अजंता-एलोरा गुफाएं, कर्नाटक का हंपी और तमिलनाडु का महाबलीपुरम.
यह भी पढ़ें- अगले हज का सफर करना चाहते हैं, तो इस इस तारीख तक जमा कर दें एक लाख 25,000 रुपये की दूसरी किस्त, वरना हज की सीट हो जाएगी रद्द
ताजमहल जाने से पहले जान लें यह जरूरी नियम
अगर आप 19 नवंबर को ताजमहल देखने जा रहे हैं, तो टिकट से जुड़े एक खास नियम का ध्यान रखना जरूरी है. दरअसल, ASI के आदेश के मुताबिक, ताजमहल परिसर में सामान्य प्रवेश तो पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन अगर आप मुख्य मकबरे यानी मुख्य गुंबद के अंदर जाना चाहते हैं, तो आपको 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट खरीदना होगा. सामान्य एंट्री फ्री होने के बावजूद मुख्य गुंबद का यह शुल्क लागू रहेगा. इसके अलावा, यह भी ध्यान रखें कि विश्व धरोहर सप्ताह भले ही 25 नवंबर तक चलेगा, लेकिन फ्री एंट्री की सुविधा सिर्फ पहले दिन यानी 19 नवंबर के लिए ही वैलिड है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं