ठंड के मौसम में गरमा-गरम चना भाजी और ज्वार की रोटी को देसी घी के साथ खाने का मजा ही अलग होता है. ये वही खाना है जो हमारी दादी-नानी बनाती थीं और जिसके आगे आज भी रेस्टोरेंट का खाना फीका पड़ जाता है. अगर आप भी इस सर्दी अपनी डाइट में चना की भाजी और ज्वार की रोटी को एड करना चाहते हैं, तो हाल ही में इंस्टाग्राम पर (wispycrispyfood) पर शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं आसान और सेहतमंद रेसिपी.
चना भाजी क्या होती है?
चना भाजी असल में चने के पौधे की हरी-हरी कोमल पत्तियां होती हैं. सर्दियों में जब खेतों में चना उगता है, तब इसकी भाजी बाजार में मिलने लगती है. इसमें एक हल्की सी खटास और देसीपन होता है, जो पकने के बाद और भी बढ़ जाता है. गांवों में लोग इसे तोड़कर लाते हैं और उसी दिन ताजा-ताजा बनाकर खाते हैं.
यहां देखें वीडियो-
चना भाजी को साफ कैसे करें?
चना भाजी बनाने में सबसे ज्यादा मेहनत इसकी सफाई में ही लगती है. क्योंकि ये खेत से आती है, इसलिए इसमें मिट्टी बहुत होती है. सबसे पहले भाजी को बड़े बर्तन में डालकर 5-6 बार साफ पानी से धोएं. जब तक पानी साफ न आने लगे, तब तक धोते रहें. अगर मिट्टी रह गई तो पूरी भाजी किरकिरी लगेगी.
कैसे बनाएं चना भाजी-
सामग्री-
- फ्रेश चना भाजी
- 5-6 सूखी लाल मिर्च
- 15 लहसुन की कलियां
- आधा इंच अदरक
- आधा इंच कच्ची हल्दी
- 4 हरी मिर्च
- 2 चम्मच बेसन
- जरूरत के हिसाब से दूध
- स्वादानुसार नमक
- तेल
विधि-
- सबसे पहले सूखी लाल मिर्च, लहसुन, अदरक, कच्ची हल्दी और हरी मिर्च को मिक्सी में दरदरा पीस लें.
- अब कढ़ाई में तेल गरम करें. उसमें 2 चम्मच ये तैयार मसाला डालकर 2 मिनट भूनें.
- फिर इसमें 2 चम्मच बेसन डालकर अच्छे से मिलाएं. बेसन से भाजी में एक बढ़िया गाढ़ापन और खुशबू आ जाती है.
- अब इसमें कटी हुई चना भाजी, थोड़ा सा दूध और नमक डाल दें. अगर आप भाजी को काट नहीं सकते हैं तो आप इसे प्लस मोड पर मिक्सी में पीस भी सकते हैं.
- दूध डालने से भाजी एकदम मुलायम बनती है और उसका रंग भी हरा रहता है. इसे 12-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं.
- जब भाजी नरम हो जाए और तेल अलग दिखने लगे, समझिए आपकी तीखी चना भाजी तैयार है.
कैसे बनाएं सॉफ्ट ज्वार की रोटी-
चना भाजी के साथ ज्वार की रोटी खाने में बहुत टेस्टी लगती है.
सामग्री-
- 2 कप फ्रेश ज्वार का आटा
- आधा चम्मच नमक
- गुनगुना पानी
- देसी घी
विधि-
- सबसे पहले ज्वार के आटे में नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा करके गुनगुना पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें.
- ज्वार का आटा गेहूं जैसा नहीं होता, ये जल्दी टूटता है. इसलिए इसे बहुत ज्यादा सख्त मत गूंथिए.
- आटे की मीडियम साइज की लोई बनाएं. सूखा आटा लगाकर हल्के हाथ से बेलें.
- ज्यादा जोर लगाएंगे तो रोटी फट जाएगी. अब गरम तवे पर रोटी डालें. दोनों तरफ से सेंकें और फिर सीधे आंच पर रखकर फुलाएं.
- रोटी फूलते ही उतार लें और ऊपर से भर-भरकर देसी घी लगा दें. घी में कंजूसी न करें. आपकी रोटी और चने की भाजी तैयार है गरमा-गरम खाएं.
ये भी पढ़ें- राजस्थानी स्टाइल मक्की का घाट कैसे बनाएं? नोट करें मक्की का दलिया बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं