Amla Navami 2026: हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को आंवला नवमी मनाई जाती है. इसे अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान विष्णु और आंवले के पेड़ की पूजा करना अत्यंत लाभदायक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है और पूजा के बाद पेड़ की छांव में बैठकर भोजन करना शुभ फल देता है. साथ ही इस दिन दान-पुण्य करना भी अत्यंत फलदायी होता है. इस साल आज यानी 18 नवंबर को आंवला नवमी मनाई जा रही है. इसी कड़ी में आइए जानते हैं आंवला नवमी का शुभ मुहूर्त, विधि और महत्व.
आंवला नवमी 2026 तिथि
हिन्दू पंचांग के अनुसार इस साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि की शुरुआत आज 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर होने जा रही है. वहीं, इस तिथि का समापन 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर होगा. ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, इस साल आंवला नवमी का पर्व 18 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है.
आंवला नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त
- लाभ चौघड़िया: सुबह 6:46 से 8:06 बजे तक
- अमृत चौघड़िया: सुबह 8:06 से 9:26 बजे तक
- शुभ चौघड़िया: सुबह 10:46 से दोपहर 12:06 बजे तक
- लाभ चौघड़िया: शाम 4:06 से 5:26 बजे तक
- शुभ चौघड़िया: शाम 7:06 से रात 8:46 बजे तक
- अमृत चौघड़िया: रात 8:46 से 10:26 बजे तक
आंवला नवमी पूजा विधि
आंवला नवमी पर विधि-विधान से पूजा करने के लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान आदि कर साफ वस्त्र पहनें और घर या मंदिर में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें. आप चाहें तो दोनों जगह पूजन कर सकते हैं, वैसे खासकर महिलाएं घर में पूजन कर मंदिर जाती हैं. इसके बाद श्री हरि को पीले फूल, तुलसी दल, दीपक, धूप और नैवेद्य अर्पित करें. इसके बाद 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें. फिर, इसके बाद आंवला वृक्ष की पूजा करें. उन्हें कच्चे सूत से वृक्ष की परिक्रमा करें और जल अर्पित करें. इसके बाद हल्दी, रोली, फूल और दीपक से पूजन करें. गरीबों और ब्राह्मणों को भोजन-दान दें. आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करें.
यह भी पढ़ें: Tulsi Vivah 2026: तुलसी विवाह कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजा का समय
आंवला नवमी की कथा
अक्षय नवमी का उल्लेख पद्म पुराण में मिलता है, जिसके अनुसार, भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय को बताया गया है कि आंवले के वृक्ष में जगत के पालनहार श्री हरि का वास है. वहीं, इस दिन विधि-विधान से पूजन करने से गोदान के समान पुण्य प्राप्त होता है.
इसके पीछे की प्रचलित कथा में बताया गया है, "एक राजा रोजाना नियम के अनुसार सवा मन आंवले का दान किया करता था, उसके बाद ही भोजन करता था. यही वजह थी कि उसका नाम आंवलया राजा पड़ गया. राजा के दान करने से राज्य में खजाने की भरमार बनी रहती थी. राजा को ऐसा करता देख उनके पुत्र और बहू को चिंता होने लगी और वे सोचते थे कि पिताजी रोज इतने आंवले दान करेंगे, तो एक दिन सारा खजाना ही खाली हो जाएगा."
इसके बाद बेटे ने सोचा कि पिताजी से इस सिलसिले में बात की जाए, जिसके बाद उसने जाकर राजा से कहा, "पिताजी, अब यह दान बंद कर दीजिए. इससे हमारा धन नष्ट हो रहा है."
राजा को बेटे की बात सुनकर बहुत दुख हुआ. वह रानी सहित महल छोड़कर जंगल चले गए. जंगल में वे आंवला दान नहीं कर पाए. अपने प्रण के कारण उन्होंने सात दिन तक कुछ नहीं खाया. भूख-प्यास से वे कमजोर हो गए. इसके बाद सातवें दिन स्वयं श्री हरि ने चमत्कार से जंगल में विशाल महल, राज्य, बाग-बगीचे और ढेर सारे आंवले के पेड़ उत्पन्न कर दिए.
सुबह राजा-रानी उठे तो हैरान रह गए. राजा ने रानी से कहा, "देखो रानी, सत्य कभी नहीं छोड़ना चाहिए."
दोनों ने नहा-धोकर आंवले दान किए और भोजन किया. अब वे जंगल के नए राज्य में खुशी से रहने लगे. वहीं, राजधानी में बहू-बेटे ने आंवला देवता और माता-पिता को अपमानित किया था, जिसके बाद उनके बुरे दिन शुरू हो गए. दुश्मनों ने राज्य छीन लिया. वे दाने-दाने को मोहताज हो गए. काम की तलाश में वे पिता के नए राज्य में पहुंचे, जहां पर बहू-बेटे के हालात इतने खराब थे कि न ही राजा ने उन्हें पहचान सके न उनके बच्चे अपने माता-पिता को. लेकिन दोनों की खराब हालत देखते हुए राजा ने महल में काम करने के लिए रख लिया.
एक दिन बहू सास के बाल गूंथ रही थी. अचानक उसने सास की पीठ पर एक मस्सा देखा. उसे याद आया कि उसकी सास के पास भी ऐसा ही मस्सा था. बहू सोचने लगी, "हमने धन बचाने के चक्कर में उन्हें दान करने से रोका और आज वे कहां होंगे?" रोते-रोते उसके आंसू सास की पीठ पर गिरने लगे.
रानी ने पलटकर पूछा, "बेटी, तुम क्यों रो रही हो?" बहू ने सारा हाल बताया. रानी ने उसे पहचान लिया. राजा-रानी ने अपना हाल सुनाया और समझाया, "दान से धन कम नहीं होता, बल्कि बढ़ता है." बेटे-बहू को पश्चाताप हुआ. वे सब मिलकर सुख से रहने लगे.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: देवउठनी एकादशी कब है? जानें सही तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त, पारण का समय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं