- DDA ने खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत जहांगीरपुरी में 17 एमआईजी फ्लैट बिक्री के लिए निकाले हैं.
- जहांगीरपुरी के फ्लैट 64.04 से 99.73 वर्ग मीटर साइज के हैं, कीमत 43.36 लाख रुपये से 1.14 करोड़ रुपये तक है.
- जहांगीरपुरी मेट्रो की येलो लाइन पर स्थित है, जो सेंट्रल दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और गुरुग्राम से सीधे जुड़ी है.
DDA Flat Booking 2026: देश की राजधानी दिल्ली में 50 लाख रुपये से कम बजट में अपना फ्लैट खरीदना किसी सपने के सच होने जैसा है. इसे सच कर रहा है डीडीए. दरअसल, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने आम लोगों को राहत देते हुए अपनी नई खुशहाल परिवार योजना 2026 के तहत जहांगीरपुरी इलाके में 17 एमआईजी (MIG) फ्लैट बिक्री के लिए निकाले हैं. इन फ्लैटों की शुरुआती कीमत 43.36 लाख रुपये रखी गई है और इनकी ऑनलाइन बुकिंग 16 नवंबर 2026 से शुरू हो रही है.
घर खरीदते समय लोकेशन और कनेक्टिविटी सबसे बड़ा फैक्टर होते हैं. जहांगीरपुरी की सबसे बड़ी खासियत दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन (Yellow Line) से इसकी सीधी कनेक्टिविटी है. यहां रहने वाले लोग बिना ट्रेन बदले सीधे सेंट्रल दिल्ली, साउथ दिल्ली और गुरुग्राम तक का सफर तय कर सकते हैं.
तीन इलाकों में कुल 445 फ्लैट
डीडीए ने इस आवासीय योजना के तहत दिल्ली के तीन प्रमुख क्षेत्रों में कुल 445 एमआईजी फ्लैट उपलब्ध कराए हैं. सबसे ज्यादा विकल्प नरेला में हैं, जबकि जहांगीरपुरी में सीमित संख्या होने के की वजह से कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है.
- नरेला: 296 फ्लैट
- लोकनायकपुरम: 132 फ्लैट
- जहांगीरपुरी: 17 फ्लैट
- कुल फ्लैट: 445 यूनिट्स
जहांगीरपुरी में फ्लैट का साइज और कीमतों का गणित
जहांगीरपुरी में मौजूद इन एमआईजी फ्लैटों के साइज 64.04 वर्ग मीटर यानी लगभग 689 वर्ग फुट से लेकर 99.73 वर्ग मीटर यानी लगभग 1,073 वर्ग फुट तक हैं. सबसे किफायती फ्लैट 43 लाख 36 हजार 689 रुपये का है, जबकि बड़े साइज के प्रीमियम फ्लैटों की कीमत 1.14 करोड़ रुपये तक जाती है. हालांकि, एक ही साइज के अलग-अलग फ्लैटों की कीमत में अंतर हो सकता है. इसलिए बुकिंग राशि जमा करने से पहले डीडीए पोर्टल पर फ्लैट नंबर, फ्लोर यानी मंजिल और फाइनल कीमत जरूर चेक कर लें.
| फ्लैट का क्षेत्रफल | अनुमानित साइज | निर्धारित कीमत |
| 64.04 वर्ग मीटर | 689 वर्ग फुट | 43.36 लाख रुपये |
| 67.19 वर्ग मीटर | 723 वर्ग फुट | 45.50 लाख रुपये |
| 71.14 वर्ग मीटर | 766 वर्ग फुट | 48.17 लाख रुपये |
| 69.24 वर्ग मीटर | 745 वर्ग फुट | 93.42 लाख रुपये |
| 99.73 वर्ग मीटर | 1,073 वर्ग फुट | 66.22 लाख रुपये से 1.13 करोड़ रुपयेतक |
गुरुग्राम और सेंट्रल दिल्ली तक सीधा मेट्रो और सड़क संपर्क
जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन येलो लाइन पर स्थित है, जो उत्तर दिल्ली के समयपुर बादली को गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से जोड़ती है. मेट्रो के अलावा सड़क मार्ग से भी यह इलाका बेहतरीन तरीके से जुड़ा है. यह जीटी करनाल रोड (NH44) के बेहद करीब है और मुकरबा चौक व आउटर रिंग रोड के जरिए दिल्ली-एनसीआर के हर कोने तक आसान पहुंच देता है.
मध्य व दक्षिणी दिल्ली और गुरुग्राम को जोड़ती है ये मेट्रोलाइन
- मध्य दिल्ली की ओर: कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, नई दिल्ली और राजीव चौक.
- दक्षिणी दिल्ली की ओर: एम्स, ग्रीन पार्क, हौज खास और साकेत.
- गुरुग्राम की ओर: छतरपुर, सुल्तानपुर, सिकंदरपुर और एमजी रोड.
बुकिंग प्रोसेस, फीस और पेमेंट की सम सीमा
इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवंबर से ही शुरू हो चुके हैं. फ्लैटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. इसके लिए पंजीकरण शुल्क 2,500 रुपये, MIG फ्लैट के लिए बुकिंग राशि 4 लाख रुपये और बुकिंग शुरू होने की तारीख 16 नवंबर 2026 रखी गई है. फ्लैट बुक होने के बाद डीडीए की तरफ से डिमांड कम अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा. इसके बाद खरीदार को 60 दिनों के भीतर बकाया राशि जमा करनी होगी. विशेष परिस्थितियों में 30 दिन का अतिरिक्त समय मिल सकता है, लेकिन इस अवधि में बकाया रकम पर 10 प्रतिशत साधारण ब्याज देना होगा. अगर 90 दिनों में पूरा भुगतान नहीं होता है, तो आवंटन रद्द कर बुकिंग राशि जब्त कर ली जाएगी.
दिव्यांगजनों के लिए खास सुविधा
डीडीए ने दिव्यांग आवेदकों के लिए हायरपरचेज का विकल्प दिया है. इसके तहत वे फ्लैट की कुल कीमत का 25 प्रतिशत शुरुआती भुगतान करके बाकी रकम 10 प्रतिशत ब्याज दर पर 15 साल की आसान किश्तों में चुका सकते हैं.
खरीदारी करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप उत्तरी दिल्ली में बजट फ्रेंडली और अच्छी कनेक्टिविटी वाला घर तलाश रहे हैं, तो यह एक बेहतरीन अवसर है. हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग करने से पहले एक बार मौके पर जाकर फ्लैट की कंडीशन, बिल्डिंग का रखरखाव, आसपास के बाजार, बुनियादी सुविधाओं और मेट्रो स्टेशन से वास्तविक दूरी का जायजा जरूर ले लें. चूंकि जहांगीरपुरी में सिर्फ 17 फ्लैट हैं, इसलिए 16 नवंबर को पोर्टल खुलते ही आवेदन करना फायदेमंद रहेगा.
यह भी पढ़ेंगो- नोएडा-गाजियाबाद में 86 हजार घरों को मिलेगा PNG कनेक्शन, IGL बिछाएगी 490 KM गैस पाइपलाइन, LPG सिलेंडर बुकिंग के झंझट से छुटकारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं