सूरत. एक हंसता-खेलता परिवार, चमचमाता बिजनेस, करोड़ों की कमाई और हर वो सुख-सुविधा जिसके सपने आम लोग देखते हैं. लेकिन एक दिन यह सब कुछ पीछे छूट जाता है, हमेशा के लिए. उदयपुर के जसवंतगढ़ का एक रईस परिवार अचानक करोड़ों का राजपाट छोड़कर साधु बनने की राह पर निकल पड़ा है. सिर्फ माता-पिता ही नहीं, बल्कि उनकी दोनों जवान बेटियां भी अब मोह-माया के सारे बंधन तोड़कर संयम का रास्ता अपनाने जा रही हैं.
15 करोड़ के टर्नओवर से वैराग्य तक
यह कहानी दिलीप भाई भोगर की है, जिन्होंने कभी राजस्थान के एक छोटे से गांव से आकर सूरत में अपनी किस्मत आजमाई थी. उन्होंने कपड़े के कारोबार में दिन-रात एक किया और सालाना 15 करोड़ रुपए का टर्नओवर खड़ा कर दिया. सूरत के बड़े टेक्सटाइल मार्केट में उनकी तीन-तीन दुकानें चल रही थीं. लेकिन अब दिलीप भाई (47), उनकी पत्नी ज्योति बेन (45), बड़ी बेटी छवि (22) और छोटी बेटी चार्वी (14) एक साथ 8 फरवरी, 2027 को सूरत में जैन दीक्षा लेने जा रहे हैं.
एक बेटी पहले ही बन चुकी है साध्वी
वैसे इस परिवार में वैराग्य की शुरुआत पहले ही हो चुकी थी. दिलीप भाई की एक बेटी शैली ने साल 2023 में ही घर-बार छोड़ दिया था और आज वे साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं. अपनी लाडली को संयम के रास्ते पर चलते देख पिता का मन भी धीरे-धीरे बदलने लगा. दिलीप भाई जो कल तक अपने बिजनेस को और बड़ा करने का सपना देख रहे थे, उन्होंने अचानक अपना कारोबार समेटना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें | भारत में पुलिस वाले को अपनी ड्यूटी कैसे निभानी चाहिए? पद्म श्री से सम्मानित IPS ने दिए 4 गुरु मंत्र
करियर और खेल को कहा अलविदा
बेटियों के पास करियर बनाने और जिंदगी जीने के बेहतरीन मौके थे. बड़ी बेटी छवि ने ग्राफिक डिजाइनिंग की पढ़ाई की थी और क्रोशिया आर्ट से खुद का एक बढ़िया काम शुरू कर चुकी थीं. वहीं सबसे छोटी बेटी चार्वी फुटबॉल खिलाड़ी रही है और उसने सूरत में जिला स्तर तक मैच खेले हैं. लेकिन धर्म की ऐसी लगन लगी कि छवि ने अपना काम बंद कर दिया और चार्वी ने नवीं क्लास की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर अध्यात्म की राह चुन ली.
उस एक हादसे ने बदल दी जिंदगी
इस बड़े फैसले के पीछे एक गहरा अहसास भी छिपा है. दिलीप भाई की पत्नी ज्योति बेन बताती हैं कि कुछ समय पहले उनके पति का एक बहुत खतरनाक एक्सीडेंट हुआ था. उस हादसे में दिलीप भाई की जान बच पाना बेहद मुश्किल था, लेकिन गुरु और ईश्वर की कृपा से वे बिल्कुल ठीक होकर घर लौटे. इसी घटना ने परिवार की सोच बदल दी और उन्हें अहसास हुआ कि यह सांसारिक जीवन अस्थाई है.
यह भी पढ़ें | स्कॉटलैंड के यूट्यूबर ने पहली बार किया सेकंड एसी में सफर, बोला- 'इसके आगे अमेरिका-ब्रिटेन फेल'
गांव में विदाई और कठिन साधना
दीक्षा लेने से पहले पूरा परिवार आजकल अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ आया हुआ है. जहां कभी करोड़ों के सौदे करने वाले दिलीप भाई अब संतों की तरह सादगी से जीने की ट्रेनिंग ले रहे हैं. वे पैदल यात्राएं कर रहे हैं, रूखा-सूखा भोजन कर रहे हैं और बेहद कठिन साधना सीख रहे हैं. गांव वाले अपने बीच के इस परिवार को इस रूप में देखकर भावुक हैं और जगह-जगह उनका जोरदार अभिनंदन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें | ट्रेन में RAC सीट पर ब्रिटिश यूट्यूबर ने किया 75 घंटे सफर, बोला- फर्श पर बैठ फौजी ने मेरे लिए सीट छोड़ दी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं