- पटना के विभिन्न छठ घाट के पास पार्किंग व्यवस्था.
- छठ घाट के पास कार-बाइक पार्किंग व्यवस्था की गई है.
- पटना के 35 स्थानों पर पार्किंग जोन बनाए गए हैं.
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गंगा घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. राजधानी पटना में विभिन्न घाटों के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए कुल 35 विशेष पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 15,575 वाहनों की है. प्रशासन ने वाहनों के प्रकार और संख्या को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की है ताकि पर्व के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे.
वाहनों के मुताबिक पार्किंग जोन
पार्किंग के लिए 35 स्थलों में से 24 स्थान ऐसे हैं जहां कार, जीप और बड़े वाहनों को खड़ा करने की अनुमति होगी. इन 24 स्थलों की कुल क्षमता 13,550 वाहनों की है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 7 ऐसे पार्किंग स्थल बनाए गए हैं जहां केवल कार खड़े हो सकेंगे. इनमें 1,625 वाहन खड़े किए जा सकेंगे. बाइक या स्कूटर से घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए 3 अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जिनमें कुल 300 बाइक खड़ी करने की व्यवस्था है.
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जेपी सेतु यातायात पोस्ट से पूरब गोलंबर के नीचे तक उत्तरी फ्लैंक पर एक विशेष पार्किंग स्थल बनाया गया है. यह स्थल केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा, जहां 100 वाहनों के खड़े होने की क्षमता है.
किन प्रमुख घाटों और इलाकों में पार्किंग की व्यवस्था
दीघा, शाहपुर, दानापुर, कलेक्ट्रेट और महेंद्रू सहित विभिन्न गंगा घाटों के आसपास ट्रैफिक के दबाव को नियंत्रित करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर ये पार्किंग बनाई गई हैं. शाहपुर हाकी ग्राउंड, आरा गोलंबर के पास कंटेनमेंट फील्ड, दानापुर टेम्पो स्टैंड, वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड, जेपी सेतु के नीचे पाया संख्या 1 और 2 के पास, पाटलिपथ और रामजीचक आरओबी के ऊपर, मीनार घाट, सूर्य मंदिर चौहट्टा के आसपास, गेट नंबर 83, 88 और 93 के पास तथा मरीन ड्राइव (गंगा पथ) के किनारे विभिन्न स्थानों को पार्किंग के रूप में विकसित किया गया है.
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़कों पर गाड़ी इधर-उधर खड़ा करने के बजाय केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन पार्क करें.
यह भी पढ़ें | बांस की बैरिकेडिंग, रंग-बिरंगी पेंटिंग और टेंट... दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1,482 घाट तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं