दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते हुए प्रदूषण से राहत मिल सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. नोएडा के कई इलाकों में सुबह-सुबह बारिश हुई है, जिससे यहां मौसम साफ होने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा में बारिश की संभावना है. कई जगहों पर हवा की गति 40 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले दो दिनों तक भारी बर्फबारी की संभावना बन रही है. जिसका असर मैदानी इलाकों में देखने को भी मिलेगा. तापमान में गिरावट की वजह से अब ठंड का असर बढ़ सकता है.
नोएडा में सुबह-सुबह बारिश
दिल्ली से सटे नोएडा में 15 नवंबर को सुबह-सुबह बारिश होने से मौसम सुहाना हुआ है. नोएडा का AQI फिलहाल 300 के पार बना हुआ है. जबकि तापमान फिलहाल 20 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. जिससे यहां सुबह के वक्त हल्की ठंड का असर दिख रहा है. ऐसे में बारिश से अब लोगों को प्रदूषण और धुंध से राहत मिल सकती है. दोपहर से शाम के बीच भी नोएडा के कई हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं