- मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात दिल्ली से छतरपुर जा रही डबल डेकर बस में आग लग गई
- बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाकर बस को एक्सप्रेसवे किनारे रोककर सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया
- आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, जिससे बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी
मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक चलती डबल डेकर बस अचानक धू-धूकर जलने लगी. प्राइवेट बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी. डबल डेकर बस रात 2 बजे मथुरा के थाना राया क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-110 पर पहुंचते ही आग का गोला बन गई.आग इतनी भीषण थी कि देखने वालों की भी रूह कांप गई. गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
जलती बस से बचाए गए 40 यात्री
बस चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दिल्ली से मध्यप्रदेश के छतरपुर जा रही डबल डेकर बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी.

एक्सप्रेसवे पर धू-धूकर जली डबल डेकर बस
आग की लपटें उठते देख बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका और सो रहे यात्रियों को जगाकर तुरंत नीचे उतारा. बस में करीब 40 सवारियां मौजूद थीं, जो समय रहते बाहर निकाले जाने की वजह से बाल-बाल बच गईं. घटना की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी.

यात्रियों का सामान जलकर राख
दमकलकर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाना शुरू किया. जब तक आग बुझाई गई तब तक बस पूरी तरह से जल चुकी थी. इस हादसे में यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया. गनीमत ये रही कि जान का कोई नुकसान नहीं हुआ है.सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. बता दें कि 6 अक्टूबर को ऐसा ही हादसा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी हुआ था.उस समय भी आग लगते ही बस से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.
ये भी पढे़ं-ग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस में आग पर सख्त हुआ सुप्रीम कोर्ट, बस नियमों का पालन कर रही थी या नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं