विज्ञापन

श्रावण व्रत में क्या खाएं? दिनभर एनर्जेटिक रहने और वजन को कंट्रोल करने के लिए इन 5 रेसिपीज को करें ट्राई

क्या आप भी रोज-रोज सावन में फल और साबूदाना खाकर बोर हो गए हैं, तो इन 5 हेल्दी और टेस्टी रेसिपीज को एक बार जरूर करें ट्राई.

श्रावण व्रत में क्या खाएं? दिनभर एनर्जेटिक रहने और वजन को कंट्रोल करने के लिए इन 5 रेसिपीज को करें ट्राई
सावन में बनाएं ये हेल्दी और टेस्टी रेसिपीज.
NDTV

सावन का व्रत भगवान शिव की पूजा के साथ-साथ खानपान में भी संयम रखने का समय माना जाता है. व्रत के दौरान शरीर को पर्याप्त ऊर्जा और पोषण मिलना भी उतना ही जरूरी है, ताकि कमजोरी या थकान महसूस न हो. ऐसे में अगर आप हर बार सिर्फ फल या साबूदाना खाकर व्रत पूरा करते हैं, तो इस बार कुछ नई और स्वादिष्ट रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. ये सभी व्रत में खाई जाने वाली सामग्री से बनती हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखने के साथ शरीर को एनर्जी भी देती हैं.

सावन व्रत में बनाएं ये 5 स्वादिष्ट और हेल्दी रेसिपी-

1. साबूदाना खिचड़ी- (Sabudana Khichdi)

साबूदाना खिचड़ी व्रत की सबसे पसंदीदा डिश मानी जाती है. इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है.

कैसे बनाएं- 1 कप साबूदाना 4-5 घंटे के लिए भिगो दें और पानी पूरी तरह निकाल लें. कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें. उसमें जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च और उबले हुए कटे आलू डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. अब साबूदाना, 3 बड़े चम्मच भुनी और दरदरी पिसी मूंगफली और स्वादानुसार सेंधा नमक डालें. धीमी आंच पर 5 मिनट पकाएं. आखिर में हरा धनिया और नींबू का रस डालकर सर्व करें.

Latest and Breaking News on NDTV

2. कुट्टू के आटे का चीला- (Kuttu Atta Cheela)

कुट्टू का चीला प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है. जिससे लंबे समय तक भूख नहीं लगती.

कैसे बनाएं- 1 कप कुट्टू के आटे में कद्दूकस किया हुआ कच्चा आलू, हरा धनिया, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाएं. जरूरत के अनुसार पानी डालकर घोल तैयार करें. तवा गर्म करके हल्का घी लगाएं और चीला फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें. इसे ताजे दही के साथ खाएं.

3. मखाने की खीर- (Makhana Kheer)

मखाना कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा सोर्स माना जाता है. इसकी खीर स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी होती है.

कैसे बनाएं- 2 कप मखानों को 1 चम्मच घी में हल्का भून लें. आधे मखाने दरदरे तोड़ लें. 500 मिली दूध को उबालकर थोड़ा गाढ़ा करें. इसमें मखाने डालकर 10 मिनट धीमी आंच पर पकाएं. फिर स्वादानुसार चीनी या गुड़, कटे बादाम, काजू और इलायची पाउडर मिलाएं. इसे गर्म या ठंडा दोनों तरह से खाया जा सकता है.

4. व्रत वाले दही आलू- (Vrat Wale Dahi Aloo)

अगर आपको हल्का और पेट के लिए आरामदायक भोजन चाहिए, तो दही आलू बेहतरीन ऑप्शन है.

कैसे बनाएं- 3 उबले आलू हल्के मैश कर लें. घी में जीरा और बारीक कटा अदरक भूनें. आलू डालकर 2 मिनट चलाएं. अब 1 कप फेंटा हुआ दही थोड़ा पानी मिलाकर धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं. सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर 5 मिनट पकाएं.

5. समक चावल की इडली- (Samak Rice Idli)

समक के चावल से बनी इडली हल्की, ग्लूटेन-फ्री और आसानी से पचने वाली डिश है.

कैसे बनाएं- 1 कप समक चावल और 1/4 कप साबूदाना पीस लें. इसमें आधा कप खट्टा दही और जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर बैटर तैयार करें. 30 मिनट ढककर रखें. फिर सेंधा नमक और चुटकीभर ईनो मिलाएं. इडली के सांचे में डालकर 10-12 मिनट भाप में पकाएं. इसे पुदीना-नारियल की चटनी के साथ परोसें.

ये भी पढ़ें- सावन में प्याज-लहसुन क्यों नहीं खाते? धार्मिक वजह के साथ जानें हेल्थ एंगल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shravan Monday Fast, Fasting Recipes, Sawan Vrat Recipes, Sawan Recipe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com