कैसे बनाएं अलसी का लड्डू.
NDTV
बदलते मौसम में हमारे शरीर को ऐसी चीजों की जरूरत होती है जो अंदर से गरमी दें और बीमारियों से बचाएं. अगर आप भी ऐसे ही सुपरफूड की तलाश कर रगे हैं, तो अलसी यानी फ्लेक्ससीड्स (Flaxseeds) आपके लिए परफेक्ट है. अलसी के लड्डू स्वाद में तो बेहतरीन होते ही हैं, साथ ही सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. अगर आप खुद को फिट और एनर्जेटिक रखना चाहते हैं, तो अलसी के लड्डू का सेवन कर सकते हैं. आइए जानते हैं इन्हें खाने के फायदे और बनाने का तरीका.
कैसे बनाएं अलसी के लड्डू- (How To Make Alsi Ke Laddu)
सामग्री-
- अलसी के बीज- 250 ग्राम
- गेहूं का आटा- 250 ग्राम
- गुड़- 300 ग्राम
- घी- 1 कप
- बादाम
- काजू
- किशमिश
- मखाने- 1 कप
- दरदरी पिसी हुई इलायची- 1 छोटा चम्मच
विधि-
- सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाई लें और उसमें बिना घी डाले अलसी के बीजों को मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट तक भून लें.
- जब अलसी से चटकने की आवाज आने लगे और अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. इन्हें ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें.
- अब उसी कढ़ाई में 2 चम्मच घी डालें और कटे हुए मेवे और मखानों को हल्का गोल्डन होने तक भून लें.
- इन्हें भी थोड़ा ठंडा कर लें और मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें.
- कढ़ाई में बचा हुआ घी डालें और उसमें गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें.
- जब आटे का रंग गोल्डन हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें.
- अब एक बड़े बर्तन में भुना हुआ आटा, पिसी हुई अलसी, भुने हुए मेवे और इलायची पाउडर को अच्छी तरह मिला लें.
- इसके बाद एक अलग पैन में गुड़ और थोड़ा सा पानी डालकर धीमी आंच पर पिघला लें.
- ध्यान रहे कि गुड़ की चाशनी नहीं बनानी है, बस गुड़ को अच्छे से पिघलाना है.
- पिघले हुए गुनगुने गुड़ को आटे और अलसी के मिश्रण में धीरे-धीरे डालें और करछी की मदद से मिलाएं.
- जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए ताकि आप हाथ से छू सकें, तब हाथों में थोड़ा सा घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डू बांध लें.
- बस तैयार हैं आपके सेहतमंद और स्वादिष्ट अलसी के लड्डू. इन्हें एक एयरटाइट डिब्बे में भरकर महीनों तक आराम से खाया जा सकता है.
ये वीडियो भी देखें-
अलसी के लड्डू खाने के फायदे-
- वजन कम करने- अलसी में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जिसे खाने के बाद काफी देर तक पेट भरा हुआ महसूस होता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है.
- जोड़ों के दर्द- बदलते मौसम में कई लोगों को अक्सर घुटनों और जोड़ों में दर्द की समस्या रहती है. अलसी में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो सूजन और जोड़ों के दर्द को कम करने में बहुत असरदार है.
- पाचन तंत्र- अगर आपको कब्ज या पेट से जुड़ी कोई भी दिक्कत रहती है, तो अलसी के लड्डू आपके पेट को बिल्कुल दुरुस्त रखेंगे. यह पाचन क्रिया को तेज करते हैं.
- एनर्जी- अगर आप भी थका-थका और कमजोरी महसूस करते हैं, तो रोजाना अलसी के लड्डूओं का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें- हर दिन गेहूं की रोटी नहीं, रोज बदल-बदल कर खाएं ये 4 रोटियां, स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Alsi Laddu, Flaxseeds Laddoo Recipe, Alsi Ke Fayde, Flaxseeds Benefits