सर्दियों का मौसम आते ही घर के बड़े-बुजुर्ग अक्सर गोंद, मेवे और अलसी के लड्डू खाने की सलाह देने लगते हैं. लड्डू न सिर्फ स्वाद बल्कि सेहत का खजाना हैं. ठंड के दिनों में शरीर को अंदर से गर्माहट और पोषण की सबसे ज्यादा जरूरत होती है और लड्डू ये काम बखूबी निभाते हैं. यूट्यूब चैनल (Papa Mummy Kitchen - Specials) पर अलसी के लड्डू बनाने का सबसे आसान तरीका बताया गया है, तो चलिए जानते हैं.
अगर आप सोचते हैं कि अलसी के लड्डू बनाना बहुत झंझट का काम है, तो यह सीक्रेट रेसिपी आपकी सोच बदल देगी. बिना चाशनी के सिर्फ 5 चीजों से बनाएं लड्डू.
कैसे बनाएं अलसी के लड्डू-
सामग्री-
- कच्ची अलसी- 500 ग्राम
- बादाम- 1/2 कप
- काजू- 1/2 कप
- मखाना- 1 कप
- सूखा नारियल- 1/2 कप
- गुड़- 400 ग्राम
- देसी घी- लगभग 1/2 कप
- इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- किशमिश- 1/4 कप
विधि-
- सबसे पहले 500 ग्राम कच्ची अलसी को धीमी और मध्यम आंच पर 7-8 मिनट तक लगातार चलाते हुए भून लें. जब दानों में से चट-चट की आवाज आने लगे, अच्छी खुशबू आए और दाने फूल जाएं, तो गैस बंद करके अलसी को प्लेट में ठंडा होने के लिए निकाल लें.
- अब पैन में 1 टेबलस्पून घी गरम करें. इसमें बादाम और काजू को अलग-अलग हल्का गोल्डन होने तक भूनकर निकाल लें.
- फिर उसी पैन में मखाने भून लें. सूखे नारियल के चूरे को बिना घी के ही 2-3 मिनट धीमी आंच पर भून लें.
- ठंडी हो चुकी अलसी को मिक्सी में डालकर बारीक पाउडर बना लें. भुने हुए काजू, बादाम और मखाने को मिक्सी में पल्स मोड पर दरदरा पीसें.
- अब एक बड़ी परात में अलसी पाउडर, दरदरे मेवे और भुना नारियल अच्छे से मिला लें.
- पैन में 1/2 कप देशी घी गरम करें और उसमें 400 ग्राम कटा हुआ गुड़ डालें. धीमी आंच पर गुड़ को पिघलने दें.
- ध्यान रहे, पानी बिल्कुल नहीं डालना है और न ही चाशनी पकानी है, बस गुड़ को पिघलाना है.
- गैस बंद करके इसमें इलायची पाउडर और किशमिश मिला लें.
- इस गरम गुड़-घी के मिश्रण को परात वाले सूखे मिश्रण में डालें. चम्मच से चलाकर थोड़ा ठंडा होने दें.
- जब हाथ लगाने लायक हो जाए, तो दोनों हाथों से गोल-गोल लड्डू बांध लें.
लड्डू खाने का सही समय और तरीका-
इन लड्डूओं को एयरटाइट डिब्बे में रखकर आराम से 1 से 2 महीने तक स्टोर कर सकते हैं. सुबह ब्रश करने के बाद खाली पेट 1 लड्डू खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. लड्डू खाने के बाद लगभग एक घंटे तक पानी न पीएं आप चाहें तो साथ में एक गिलास गुनगुना दूध ले सकते हैं.
अलसी के लड्डू के फायदे-
अलसी ओमेगा-3 फैटी एसिड का खजाना है यह हमारे दिल और दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद है. पढ़ते बच्चों के लिए तो यह वरदान जैसा काम करता है. इसके अलावा यह बालों और स्किन को भी चमकदार बनाए रखता है. इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर होता है, जो कब्ज दूर करने, शुगर लेवल को कंट्रोल रखने और बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने में मदद कर सकता है. एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के चलते ये ठंड के दिनों में होने वाली छोटी-मोटी सर्दी-खांसी या मौसमी बीमारियों को दूर रखता है.
ये भी पढ़ें- कूड़ा समझकर न फेंके पपीते के बीज, कई रोगों का है काल, जानें खाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं