बारिश के मौसम में सर्दी-जुकाम और थकान आम बात है, अगर आप भी खुद को और अपने परिवार को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो अलसी के लड्डुओं को जरूर ट्राई करें. ये लड्डू न सिर्फ स्वाद में लाजवाब हैं, बल्कि इन्हें बनाना इतना आसान है कि आप खुद हैरान रह जाएंगे. इसमें न तो चाशनी बनाने का झंझट है और न ही घंटों मेहनत करने की जरूरत.
कैसे बनाएं सेहतमंद अलसी के लड्डू- (How To Make Alsi Laddu)
सामग्री-
- अलसी- 250 ग्राम
- ओट्स- 1/4 कप
- बादाम- 1/4 कप
- अखरोट- 1/8 कप
- काजू- 1/4 कप
- मखाना- 1/2 कप
- नारियल का बुरादा- 1/4 कप
- अदरक पाउडर (सोंठ)- 1 चम्मच
- इलायची पाउडर- 1 चम्मच
- काली मिर्च- 1 चम्मच
- दालचीनी- आधा चम्मच
- गुड़ का पाउडर- 200 ग्राम
- देसी घी- 1 बड़ा चम्मच और बाइंडिंग के लिए आधा कप
विधि-
- सबसे पहले अलसी को धीमी आंच पर ड्राई रोस्ट करें. जब ये चटकने लगे, तो आंच बंद कर दें और पैन की गर्मी में ही इसे भुनने दें. ओट्स को भी इसी तरह ड्राई रोस्ट करें.
- एक चम्मच घी में बादाम, अखरोट और काजू को हल्का रोस्ट कर लें. इसके बाद उसी बचे हुए घी में मखाने भूनें.
- नारियल के बुरादे को बिना घी के धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें.
- भुनी हुई अलसी को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. मेवे और मखानों को भी दरदरा पीसें.
- एक बड़े बर्तन में अलसी, ओट्स, मेवे, मखाने, नारियल और सभी मसाले को मिला लें.
- इसमें गुड़ का पाउडर डालें और अच्छी तरह मिक्स करें.
- अब आधा कप घी को हल्का गरम करें और इसे मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- जब मिश्रण हल्का गुनगुना रहे, तभी झटपट लड्डू बांध लें.
- तैयार हैं आपके सेहतमंद लड्डू, इसे रोजाना एक गिलास दूध के साथ लें.
क्यों खास हैं अलसी के लड्डू?
अलसी (Flax Seeds) ओमेगा-3 फैटी एसिड का खजाना है. ये न केवल शरीर के कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करती है, बल्कि इसमें मौजूद फाइबर और प्रोटीन आपको दिन भर एनर्जी से भरपूर रखते हैं. सबसे अच्छी बात? ये आपकी स्किन को ग्लोइंग और बालों को चमकदार बनाने में भी मदद कर सकते हैं.

अलसी के लड्डू खाने के फायदे-
- इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद
- सर्दी-जुकाम और मौसमी संक्रमण से बचाव
- शरीर की सूजन कम करने में सहायक
- कमर और जोड़ों के दर्द में राहत
- पाचन को बेहतर बनाते हैं
- दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
- वजन कंट्रल करने में
एक दिन में कितने लड्डू खाएं?
1 से 2 अलसी के लड्डू प्रतिदिन काफी हैं. अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ लोगों को पेट संबंधी परेशानी हो सकती है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: सिर्फ 4 चीजों से बनाएं शाही काजू मोती पुलाव, शेफ संजीव कपूर ने शेयर की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं