मान लीजिए आप घर में बैठे हैं और अचानक आपके सामने कोई गिरकर बेहोश हो जाए. आप क्या करेंगे? ज्यादातर लोग घबराकर सबसे पहले उसके मुंह पर पानी छिड़कते हैं. लेकिन डॉक्टर मीर खान कहते हैं, यही सबसे बड़ी गलती है. यही गलती किसी की जान ले सकती है. बेहोश आदमी को पानी पिलाना या मुंह पर पानी छिड़कना, उसे बचाना नहीं, बल्कि उसकी सांस रोकना है. तो चलिए जानते हैं क्या करें और क्या नहीं.
बेहोश आदमी पर पानी छिड़कना क्यों है खतरनाक?
जब आदमी बेहोश होता है, तो वो निगल नहीं सकता. उसकी निगलने वाली ताकत बंद हो जाती है. आप जो पानी उसके मुंह पर छिड़कते हैं, वो पानी उसके पेट में नहीं, सीधे उसके फेफड़ों में चला जाता है. नाक से भी पानी अंदर जा सकता है. फेफड़ों में पानी जाते ही सांस रुक जाती है. सांस रुकते ही दिमाग तक ऑक्सीजन पहुंचना बंद हो जाता है. डॉक्टर मीर कहते हैं, सिर्फ 20-30 सेकंड में सांस बंद हो सकती है. इसीलिए कई बार आदमी बेहोशी से नहीं, बल्कि पानी की वजह से जान जा सकती है. लोग सोचते हैं कि उसकी बेहोश होने की वजह से सांसें रूकी. लेकिन असल में वो पानी वजह थी.
यहां देखें वीडियो-
1. सबसे पहले क्या चेक करें?
सबसे पहले ये चेक कीजिए कि उसकी सांस चल रही है या नहीं. अपनी दो उंगलियों को उसके नाक और मुंह के पास रखिए. और 10 सेकंड तक उसकी छाती को देखिए. छाती ऊपर-नीचे हो रही है या नहीं, ये देखिए. अगर सांस चल रही है, तो समझिए अभी खतरा कम है. अगर सांस नहीं चल रही है या बहुत धीमी चल रही है, तो तुरंत एंबुलेंस को फोन कीजिए. ये 10 सेकंड का चेक आपकी सबसे बड़ी समझदारी है.
2. बेहोश आदमी को हिलाइए मत-
दूसरी सबसे बड़ी गलती लोग ये करते हैं कि बेहोश आदमी को उठाकर बिठाने की कोशिश करते हैं. डॉक्टर मीर कहते हैं, उसे जहां गिरा है, वहीं रहने दीजिए. उसे उठाने या बैठाने की कोशिश मत कीजिए. अगर वो सांस ले रहा है, लेकिन बेहोश है, तो उसे उसी पोजीशन में रहने दीजिए. बस उसके कंधे पर हल्के से थपथपाकर देखिए कि वो रिस्पॉन्ड कर रहा है या नहीं. उसे हिलाने से अगर उसके सिर या रीढ़ में चोट है, तो वो और बढ़ सकती है.
3. पैर ऊपर उठाइए-
अब तीसरा स्टेप सबसे जरूरी है. बेहोश आदमी को सीधा लिटा दीजिए और उसके दोनों पैरों को लगभग एक फुट ऊपर उठा दीजिए. पैरों के नीचे तकिया लगा दीजिए. इससे क्या होगा? पैरों का खून वापस दिमाग की तरफ जाएगा. दिमाग को खून मिलेगा, तो आदमी को जल्दी होश आएगा. डॉक्टर मीर कहते हैं, उसे ऐसे ही 15 मिनट तक रहने दीजिए. ज्यादातर लोग इसी में होश में आ जाते हैं.
4. होश आने पर क्या दें और कब बुलाएं एंबुलेंस-
जब वो होश में आ जाए, तो उसे धीरे-धीरे उठाइए. एकदम से मत उठाइए. अब उसे थोड़ा-थोड़ा पानी दीजिए. पानी धीरे-धीरे पिलाइए, एक साथ गिलास भरकर नहीं. खाना अभी मत दीजिए. सिर्फ पानी दीजिए. उसके बाद उसे आराम करने दीजिए.
लेकिन याद रखिए, 2 बातें-
1.अगर वो 1 मिनट में होश में नहीं आता, तो तुरंत एंबुलेंस को कॉल कीजिए. इंतजार मत कीजिए.
2. अगर वो होश में आकर फिर से बेहोश हो जाता है, तो भी तुरंत एंबुलेंस बुलाइए. डॉक्टर मीर कहते हैं, वो 1 मिनट अस्पताल का नहीं, आपका है. उस 1 मिनट में आपने क्या किया, वही उसकी जान बचाएगा.
ये भी पढ़ें- फैटी लिवर को कैसे ठीक करें? आचार्य मनीष ने बताया Liver को हेल्दी रखने का रामबाण तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं