हमारे शरीर का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना है. इसी वजह से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त रूप से पानी पीना जरूरी हो जाता है. ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि आखिर एक दिन में कितना पानी पीना चाहिए. कुछ लोग 8 गिलास का नियम मानते हैं, तो कुछ पूर दिन में 4 से 5 लीटर पानी पीने की सलाह देते हैं. लेकिन असल में सच कुछ और ही है. इसे जानने के लिए हमने यशोदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डॉ. कमलेश ए से बातचीत की. उन्होंने बताया हर व्यक्ति के लिए पानी की जरूरत अलग हो सकती है. यहां जानते हैं 1 दिन में कितना पानी पीना चाहिए?
क्या हर किसी को रोजाना 8 गिलास पानी पीना चाहिए?
डॉ. कमलेश कहते हैं कि हर व्यक्ति का शरीर, उम्र, वजन और पूरे दिन की फिजिकल एक्टविटी अलग होती है. इसलिए सभी के लिए एक ही मात्रा तय नहीं की जा सकती. आमतौर पर एक हेल्दी व्यक्ति को पूरे दिन में 2 से 3 लीटर पानी पीने की सलाह दी जाती है. ये मात्रा लगभग 8 से 12 गिलास पानी के बराबर होती है.
किन लोगों को ज्यादा पानी पीना चाहिए?
उन्होंने बताया कि जो लोग नियमित रूप से व्यायाम करते हैं, धूप में काम करते हैं या गर्म मौसम में रहते हैं, उन्हें सामान्य लोगों की तुलना में अधिक पानी की जरूरत हो सकती है. इसके अलावा प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीड कराने वाली महिलाओं को भी ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों को लेने की सलाह दी जाती है. गर्मियों के मौसम में शरीर से पसीने के जरिए ज्यादा पानी निकलता है, इसलिए पानी की मात्रा बढ़ानी पड़ सकती है.
शरीर में पानी की कमी के संकेत
डॉक्टर ने बताया गि अगर शरीर में पानी की कमी होने लगे, तो कुछ संकेत दिखाई देने लगते हैं. इनमें (Dehydration Symptoms) बार-बार प्यास लगना, मुंह सूखना, सिरदर्द, थकान, चक्कर आना और पेशाब का गहरा पीला रंग शामिल हैं. इस तरह के लक्षणों को इग्नोर करने से बचना चाहिए और तुरंत तरल पदार्थों का सेवन शुरू कर दें.
क्या जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी नुकसानदायक है?
जी हां, अगर आप जरूरत से ज्यादा पानी पीते हैं, तो इससे शरीर को नुकसान हो सकता है. दरअसल, जब आप ज्यादा पानी पीते हैं, तो इससे शरीर में सोडियम का स्तर कम हो सकता है, जिसे मेडिकल भाषा में हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है. इसलिए सिर्फ ट्रेंड या सोशल मीडिया सलाह के आधार पर बहुत ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए.
ये भी पढ़ें - रोज नहीं, सिर्फ हफ्ते में 2 अंडे... और कम हो सकता है डिमेंशिया का रिस्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं