विज्ञापन

ढाबे जैसे गोभी के पराठे कैसे बनाएं? जानिए गोभी पराठा बनाने का आसान तरीका

गोभी का पराठा बनाते समय स्टफिंग का पानी छोड़ना, पराठे फटना और ढाबे जैसा स्वाद नहीं आना काफी ज्यादा आम बात है. लेकिन अगर आप कुछ टिप्स को अपनाएं तो घर पर ही ढाबे जैसा गोभी का पराठा बनाया जा सकता है.

ढाबे जैसे गोभी के पराठे कैसे बनाएं? जानिए गोभी पराठा बनाने का आसान तरीका
ढाबे जैसा गोभी का पराठा कैसे बनाएं?
Photo Credit: NDTV

Gobhi Ka Paratha Banane Ki Recipe: सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और इस सीजन में गर्मागर्म पराठे खाना अधिकतर लोगों को पसंद होता है. वहीं, अगर पराठा गोभी का हो तो मजा दो गुना हो जाता है. हालांकि कई लोगों की शिकायत रहती है कि गोभी के पराठे बनाते समय स्टफिंग पानी छोड़ देती है, पराठे फट जाते हैं या फिर ढाबे जैसा स्वाद नहीं आता. अगर आप भी इन समस्याओं से परेशान रहते हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको घर पर ढाबे जैसा गोभी का पराठा बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. इस ट्रिक कि मदद से आप बिना फटे गोभी के पराठे बना सकते हैं.

गोभी के पराठे के लिए जरूरी सामग्री

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • 3-4 बड़े चम्मच बेसन
  • नमक
  • 1 बड़ा चम्मच तेल या घी
  • जरूरत अनुसार पानी
  • 300-350 ग्राम ताजी फूलगोभी
  • 1 छोटी चम्मच नमक
  • 1 छोटी चम्मच मोटी कुटी लाल मिर्च
  • 2 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
  • 1/4 छोटी चम्मच हल्दी
  • 1/2 छोटी चम्मच गरम मसाला
  • 1/2 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • 1 छोटी चम्मच चाट मसाला या आमचूर
  • 2 बड़े चम्मच दरदरा कटा अदरक-हरी मिर्च
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1/2 छोटी चम्मच जीरा
  • 1/2 छोटी चम्मच अजवाइन
  • 1/4 छोटी चम्मच हींग

यह भी पढ़ें: कड़ी पत्ते की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें तीखी और खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी

तैयार करें आटे की स्टफिंग

सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर उसका सारा पानी सुखा लें. इसके बाद गोभी को मीडियम आकार वाले कद्दूकस से ग्रेट करें. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बहुत बारीक कद्दूकस करने से गोभी ज्यादा पानी छोड़ती है और बहुत मोटा रखने पर पराठा फट सकता है.फिर कद्दूकस की हुई गोभी में नमक मिलाकर 5-6 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे गोभी अपना अतिरिक्त पानी बाहर निकाल देगी. बाद में कपड़े या छलनी की मदद से गोभी को निचोड़ लें. ये स्टेप पराठों को फटने से बचाने में सबसे ज्यादा मदद करता है.

ढाबे जैसा स्वाद पाने की खास ट्रिक

गोभी में लाल मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, कश्मीरी लाल मिर्च, चाट मसाला, अदरक-हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं. अब एक पैन में तेल गरम करें. इसमें जीरा, अजवाइन और हींग डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद मसालेदार गोभी डालकर सिर्फ 2 मिनट तक हल्का सा भून लें. इससे गोभी का कच्चापन दूर हो जाता है लेकिन उसका क्रंच बना रहता है. यही ट्रिक पराठे को ढाबे जैसा स्वाद देती है.

Latest and Breaking News on NDTV

आटा लगाने का सही तरीका

आटा बनाने के लिए एक परात में गेहूं का आटा, बेसन और नमक मिलाएं. दरअसल, बेसन डालने से पराठे में हल्का खस्तापन और बेहतरीन स्वाद आता है. अब सॉफ्ट और लचीला आटा गूंथ लें. ऊपर से थोड़ा तेल या घी लगाकर 5 मिनट के लिए ढककर रख दें.

गोभी का पराठा कैसे बेलें?

आटे की लोई बनाकर उसे कटोरी जैसा आकार दें. इसमें 2 चम्मच स्टफिंग भरें और किनारों को बंद कर दें. अब हल्के हाथों से पराठा बेलें. ध्यान रखें कि एक ही जगह ज्यादा दबाव न डालें, इससे स्टफिंग बाहर निकल सकती है.

पराठा सेंकने का तरीका

गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ हल्का सिकने दें. इसके बाद घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें. मध्यम आंच पर पराठा सेंकने से वो अंदर तक अच्छी तरह पकता है और बाहर से करारा बनता है.

कैसे खाएं परोसने का तरीका?

गरमा-गरम गोभी के पराठों को मक्खन, दही, अचार या हरी चटनी के साथ परोसें.सर्दियों की सुबह में ये नाश्ता स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल है.

यह भी पढ़ें: घर पर डोसे का बैटर कैसे बनाएं? जानें डोसा बैटर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Gobhi Paratha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com