विज्ञापन

ऑफिस और सफर के दौरान टॉयलेट जाने की इच्छा रोकते हैं आप? डॉक्टर से जानिए सेहत पर क्या पड़ता है असर

कई लोगों के लिए टॉयलेट जाने की इच्छा को रोकना रोजमर्रा की आदत बन जाती है. उन्हें लगता है कि थोड़ी देर पेशाब रोकने या शौच को टालने से कोई नुकसान नहीं होगा. लेकिन ये छोटी सी आदत बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं....

ऑफिस और सफर के दौरान टॉयलेट जाने की इच्छा रोकते हैं आप? डॉक्टर से जानिए सेहत पर क्या पड़ता है असर
पेशाब रोकने से सेहत को क्या नुकसान हो सकता है?
Photo Credit: NDTV

ऑफिस में जरूरी मीटिंग चल रही हो, काम का दबाव हो या फिर लंबा सफर तय करना हो, कई बार लोग टॉयलेट जाने की इच्छा होने के बावजूद उसे टाल देते हैं. कुछ लोगों के लिए यह रोजमर्रा की आदत बन जाती है. उन्हें लगता है कि थोड़ी देर पेशाब रोकने या शौच को टालने से कोई नुकसान नहीं होगा. लेकिन बार-बार ऐसा करना सेहत के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. इसके पीछे सिर्फ व्यस्तता ही नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक कारण, साफ-सफाई की चिंता और सामाजिक असहजता भी जिम्मेदार हो सकती है.

19 नवंबर को दुनियाभर में विश्व शौचालय दिवस (World Toilet Day) मनाया जा रहा है. इसी के चलते आज हम आपको टॉयलेट जाने की इच्छा रोकने के विषय के बारे में बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी डॉक्टर विनीत मल्होत्रा, वीएनए हॉस्पिटल में यूरोलॉजी, एंड्रोलॉजी और माइक्रोसर्जरी विभाग के सीनियर हेड ने दी है.

काम का दबाव और मीटिंग छूटने का डर

डॉक्टर ने बताया कि ऑफिस में लोग अक्सर काम की डेडलाइन, लगातार होने वाली मीटिंग और अधिक जिम्मेदारियों के कारण बाथरूम ब्रेक लेने से बचते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि बार-बार अपनी सीट से उठने पर मैनेजर या सहकर्मी उनके काम को लेकर गलत धारणा बना सकते हैं. वहीं, कुछ लोग काम में इतने बिजी हो जाते हैं कि शरीर के नेचुरल साइन्स को नजरअंदाज करने लगते हैं. इसके अलावा, कई ऑफिश पर साफ और सुविधाजनक टॉयलेट की कमी भी एक बड़ी वजह है. खासकर महिलाओं और दिव्यांग कर्मचारियों को कई बार सही सुविधाएं नहीं मिल पातीं, जिसके कारण वे टॉयलेट जाने को टालते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

सफर के दौरान क्यों रोकते हैं पेशाब?

लंबी दूरी की यात्रा में टॉयलेट की सुविधा हर जगह उपलब्ध नहीं होती. हाईवे पर साफ सार्वजनिक शौचालयों की कमी, ट्रैफिक जाम, बस या ट्रेन में भीड़ और स्वच्छता को लेकर चिंता लोगों को बाथरूम जाने से रोक सकती है. कई बार लोग दूसरों को परेशान करने या बार-बार गाड़ी रुकवाने से बचने के लिए भी अपनी इच्छा दबा लेते हैं. कुछ लोग सफर शुरू करने से पहले पानी पीना कम कर देते हैं, ताकि रास्ते में टॉयलेट जाने की जरूरत न पड़े. हालांकि, ऐसा करना शरीर में पानी की कमी का कारण बन सकता है.

यह भी पढ़ें: करवटें बदल-बदलकर निकल जाती है पूरी रात? जानें रात में अगर नींद नहीं आए तो क्या करें

पेशाब रोकने से सेहत पर क्या असर पड़ता है?

डॉक्टर विनीत मल्होत्रा ने बताया कि पेशाब को लंबे समय तक रोकने से ब्लैडर में दबाव और असहजता महसूस हो सकती है.  वहीं, नियमित रूप से ऐसा करने से कुछ लोगों में ब्लैडर की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है. खासकर जिन लोगों को पहले से पेशाब संबंधी समस्या है, उनमें परेशानी बढ़ सकती है. पेशाब रोकना अकेले यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का सीधा कारण नहीं है, लेकिन कम पानी पीना और पेशाब की आदतों में गड़बड़ी जोखिम को प्रभावित कर सकती है. इसी तरह, शौच की इच्छा को बार-बार टालने से कब्ज की समस्या हो सकती है. जब मल लंबे समय तक बड़ी आंत में रहता है, तो उसमें से पानी अधिक अवशोषित हो जाता है. इससे मल सख्त हो जाता है और उसे बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है. इसके कारण पेट फूलना, गैस और पेट में दर्द जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं.

किन बातों का रखें ध्यान

  • डॉक्टर ने बताया कि ऑफिस में काम के बीच नियमित ब्रेक लें और शरीर के प्राकृतिक संकेतों को नजरअंदाज न करें. 
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और लंबी यात्रा के दौरान पहले से टॉयलेट ब्रेक की योजना बनाएं. 
  • सफर में पानी पीना बहुत कम करने से बचें. 

यह भी पढ़ें: जीभ और मुंह के छालों को कैसे ठीक करें? अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे

यह भी पढ़ें: डायबिटीज में दही खा सकते हैं क्या? डॉक्टर से जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com