- महिला से बात करने पर हुआ विवाद, दोस्त ने उतार दिया मौत के घाट
- सिरसा गोल चक्कर पर बुलाकर किया हमला
- मुलाकात के बाद शुरू हुई बहस, नुकीले हथियार से कर दी हत्या
Greater Noida Murder Case: ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. सिरसा गोल चक्कर के पास देर रात दो युवकों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें एक युवक की नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बरेली निवासी सुरेश के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक ही कंपनी में अलग-अलग यूनिट में काम करते थे और एक महिला से बातचीत को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जांच शुरू कर दी है.
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
कासना थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो लोगों के बीच विवाद और मारपीट हो रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां पता चला कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो चुके थे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है. अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया.

Greater Noida Murder Case: मृतक सुरेश
महिला मित्र को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुरेश और आरोपी नरेश एक ही कंपनी में कार्यरत थे, हालांकि दोनों अलग-अलग यूनिट में काम करते थे. बताया गया कि नरेश का पहले एक महिला से संपर्क था, लेकिन बाद में वह महिला सुरेश से बातचीत करने लगी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था. कई दिनों से चल रहा यह विवाद आखिरकार हिंसक रूप ले बैठा.
मुलाकात के बाद हुआ झगड़ा
पुलिस के अनुसार दोनों ने आपसी बातचीत के लिए सिरसा गोल चक्कर के पास मिलने का फैसला किया था. रात में दोनों वहां पहुंचे और कथित तौर पर शराब भी पी. इस दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. आरोप है कि झगड़े के दौरान नरेश ने किसी नुकीले हथियार से सुरेश पर हमला कर दिया. हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने से उसकी हालत बिगड़ गई. वहीं मारपीट के दौरान आरोपी नरेश भी घायल हो गया.

Greater Noida Murder Case: आरोपी सुरेश
अस्पताल में हुई मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची. चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी नरेश का इलाज जारी है. पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर नुकीली वस्तु से किए गए वार के निशान मिले हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक सुरेश के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है. उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया. उसके बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
कासना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और दोनों पक्षों के संबंधों तथा विवाद की पृष्ठभूमि की पड़ताल की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : झांसी के रेस्टोरेंट में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, पीतांबरा माई के दर्शन कर दोस्त संग डिनर पर गया था युवक
यह भी पढ़ें : मैसूर में पत्नी और 2 बेटियों की हत्या के बाद कारोबारी ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट में लिखी अपनी अंतिम इच्छा
यह भी पढ़ें : समृद्धि महामार्ग पर चलती कार में पत्नी की हत्या; बच्चों को लेकर शव के साथ घंटों घूमा, थाने में किया सरेंडर
यह भी पढ़ें : वसंत कुंज में नाले में गिरी कार, आर्मी अफसर के 20 वर्षीय बेटे की मौत, वीडियो आया सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं