Jhansi LLB Student Murder: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. दोस्तों के साथ डिनर करने रेस्टोरेंट पहुंचे LLB के छात्र संजय सिंह की अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. घटना नवाबाद थाना क्षेत्र के इलाईट चौराहे के पास स्थित द मद किचिन रेस्टोरेंट की है. वारदात के वक्त छात्र अपने दोस्तों के साथ खाना खा रहा था. गोली चलने के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. गंभीर रूप से घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
दोस्तों के साथ गया था डिनर करने
मृतक संजय सिंह झांसी जनपद के गरौठा थाना क्षेत्र के हैवतपुरा गांव का रहने वाला था. वह LLB का छात्र था और झांसी शहर में रहकर वरिष्ठ अधिवक्ता दशरथ सिंह के साथ वकालत की प्रैक्टिस भी कर रहा था. उसकी मां ग्राम प्रधान बताई जा रही हैं. जानकारी के अनुसार संजय अपने दोस्तों के साथ मध्य प्रदेश के दतिया स्थित पीतांबरा माई मंदिर में दर्शन करने गया था. दर्शन के बाद सभी दोस्त झांसी लौटे और इलाईट चौराहे के पास स्थित द मद किचिन रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंच गए.
रेस्टोरेंट में घुसा और मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी लोग भोजन कर रहे थे, तभी काले कपड़े पहने एक युवक रेस्टोरेंट के अंदर आया. कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी. संजय के दोस्त शिवम ने बताया कि गोली चलने के बाद संजय अचानक खड़ा हुआ और फिर नीचे गिर पड़ा. जब उन्होंने देखा तो उसके सिर से खून बह रहा था. शिवम के अनुसार हमलावर की लंबाई ज्यादा नहीं थी और उसने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे.
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के तुरंत बाद दोस्तों और स्थानीय लोगों की मदद से संजय को झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
थाने से 500 मीटर दूर हुई वारदात
जिस रेस्टोरेंट में यह घटना हुई वह थाना क्षेत्र से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है. सार्वजनिक स्थान और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से शहर में दहशत का माहौल है. गोलीबारी के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक घबरा गए और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
आज दिनांक 23.07.2026 को थाना नवाबाद क्षेत्रान्तर्गत एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के दौरान गोली चलने की सूचना प्राप्त होने पर @sspjhansi @bbgtsmurthyips सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घायल व्यक्ति को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज, झाँसी में… pic.twitter.com/OJ3ZsnybF7
— Jhansi Police (@jhansipolice) July 23, 2026
पुलिस ने गठित कीं तीन टीमें
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि संजय अपने चार साथियों के साथ रेस्टोरेंट में बैठा था. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और नजदीक से गोली मारकर फरार हो गया. एसएसपी के मुताबिक पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश और घटना के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उन्हीं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों ने एक ही गोली चलने की बात कही है.
हत्या के पीछे की वजह की जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर कौन था और उसने संजय सिंह को निशाना क्यों बनाया. पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, पेशेवर विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है.
यह भी पढ़ें : मैसूर में पत्नी और 2 बेटियों की हत्या के बाद कारोबारी ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट में लिखी अपनी अंतिम इच्छा
यह भी पढ़ें : चित्रकूट जंगल घूमने गई युवती से दोस्त के सामने सामूहिक कुकर्म; आरोपियों के स्केच जारी, देवांगना घाटी की घटना
यह भी पढ़ें : वांगचुक के अनशन तोड़ने के बाद भी जंतर-मंतर पर जारी रहेगा प्रदर्शन; CJP ने इस्तीफे समेत रखीं ये 4 प्रमुख मांग
यह भी पढ़ें : देश में हिंसा न हो; अनशन तोड़ते ही समर्थकों से क्या बोले सोनम वांगचुक, PM मोदी ने कहा सेहत का रखें ध्यान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं